
Ayushman Bharat Scheme: आयुष्मान क्लेम प्रदर्शन की रैंकिंग जारी (Photo Source - Patrika)
Ayushman Bharat Scheme: आयुष्मान भारत निरामय योजना के तहत पात्र मरीजों को कैशलेस (नकद रहित) उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, लेकिन उपचार के बाद क्लेम (दावा) प्राप्त करने के मामले में प्रदेश के सरकारी अस्पताल पीछे रहे हैं। स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में मरीजों के इलाज के लिए प्री-ऑथराइजेशन (पूर्व स्वीकृति) मिलने के बावजूद अस्पतालों ने क्लेम दर्ज नहीं कराया। इसका सीधा नुकसान सरकारी अस्पतालों को हुआ।
हाल में हुई प्रदेश स्तरीय समीक्षा में सामने आया है कि 375 सरकारी अस्पतालों में 87,351 मामलों में पूर्व स्वीकृति मिलने के बाद भी केवल 65,928 में क्लेम किया गया। यानी 21,423 ऐसे मामले थे जिनमें अनुमति मिलने के बाद भी क्लेम की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुई। स्पष्ट है कि सरकारी अस्पताल वित्तीय लाभ नहीं ले रहे हैं।
आयुष्मान क्लेम प्रदर्शन की जारी जिला स्तरीय रैंकिंग में सिंगरौली 63.06 अंक के साथ प्रदेश में दूसरे स्थान पर, रीवा 58.95 अंक के साथ छठे स्थान पर है। इन दोनों जिलों को टॉप परफॉर्मर श्रेणी में रखा गया है। रीवा संभाग के जिलों की परफॉर्मेंस कुछ हद तक बेहतर रही। सतना और मैहर जिले इसमें पिछड़े। वहीं प्रदेश के बड़े शहरों के अस्पतालों के हाल तो और अधिक बदत रहे हैं।
आयुष्मान योजना में सरकारी अस्पतालों के कमजोर प्रदर्शन को देखते आयुक्त स्वास्थ्य धनराजू एस ने कलेक्टरों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में क्लेम को लेकर परफॉर्मेंस बेहद चिंतनीय रहा। बता दें, क्लेम किए गए मामलों में से 43,858 क्लेम ही स्वीकृत हुए, जिससे पूरी प्रक्रिया में सफलता की दर लगभग 50.2 प्रतिशत रही। सामान्य भाषा में समझें तो हर दो पात्र मामलों में से केवल एक मामला ही अंतिम रूप से क्लेम राशि तक पहुंच पाया।
जानकारी के लिए बता दें कि आयुष्मान भारत (PM-JAY) भारत सरकार की एक प्रमुख स्वास्थ्य योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा प्रदान करना है। इसके जरिए देशभर के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस (नकद रहित) इलाज की सुविधा मिलती है। साथ ही 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आय की परवाह किए बिना इस योजना में शामिल किया गया है, जिन्हें अतिरिक्त 5 लाख रुपये तक का कवर मिलता है। आप इलाज के लिए अपनी पात्रता जांचने और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आप आधिकारिक आयुष्मान ऐप (Ayushman App) का उपयोग कर सकते हैं।
Published on:
11 Jun 2026 03:48 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
