
आतंकियों एवं सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ एवं शहीद सतना का लाल कर्णवीर
सतना. जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के चल रहे ऑपरेशन के दौरान आतंकियों से हुई क्रास फायरिंग में सतना के लाल कर्णवीर सिंह वीरगति को प्राप्त हुए। सर्च ऑपरेशन के दौरान रोड ब्लाक में कर्णवीर अपने तीन अन्य साथियों के साथ तैनात थे। इसी दौरान एक कार सामने से तेज गति से आती दिखी। उसे रोकने का प्रयास कर्णवीर कर रहे थे, तभी आतंकियों ने फायर खोल दिया। हालांकि कर्णवीर ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया लेकिन क्रास फायरिंग में गोली उनके सिर और सीने में लगी। जिससे मौके पर ही वे शहीद हो गए। इस एनकाउंटर में इनके साथ रहे तीन अन्य जवान भी घायल हैं। कर्ण के पिता रवि कुमार सिंह ने बताया कि आज ही उनका जन्म दिन था और आज ही वे वीरगति को प्राप्त हुए।
15 दिनों से आतंकियों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन
पिछले 15 दिनों से जम्मू कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन लगातार जारी है। सोपियां में आतंकियों के होने खुफिया सूचना मिलने पर सेना ने यहां सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है। इस कार्यवाही में 21 राजपूत रेजीमेंट 44आरआर के जवाव सतना उतैली निवासी कर्णवीर सिंह भी शामिल थे। सर्चिंग के दौरान कोई बाधा न हो इसके लिये सेना ने एरिया को पूरी तरह से घेरे में लेते हुए जगह-जगह रोड ब्लाक तैयार किये थे। एक रोड ब्लाक में कर्ण सिंह भी तीन जवानों के साथ तैनात थे।
आतंकियों कर्णवीर को देखते ही फायर खोला
भोर के लगभग 4 बजे इन्हें एक संदिग्ध कार आते हुए दिखी। इसे रोकने का संकेत दिया गया। लेकिन कार नहीं रुकी। तब कर्णवीर ने उन पर हमला बोला। उधर आतंकियों ने भी कार के अंदर से ही इन पर फायर करना शुरू कर दिया। इस मुठभेड़ में कार सवार दोनों आतंकी मारे गए और क्रास फायरिंग में गोली लगने से कर्णवीर भी वीर गति को प्राप्त हुए।
Published on:
20 Oct 2021, 11:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.