
सतना। नामांकन दाखिले के दूसरे दिन सोमवार नवमी तिथि को 'अभिजीत' नामक शुभ मुहूर्त को देखते हुए अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिले की प्रक्रिया को पूरा किया। ज्यादातर अभ्यर्थी शुभ मुहूर्त के चक्कर में पर्चा दाखिल किया था लिहाजा कइयों ने नामांकन प्रपत्र में शपथ पत्र शामिल नहीं किया। इनके द्वारा नामांकन दाखिले के आखिरी तारीख तक इसे शामिल करने का अवसर है। सोमवार को मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री सहित बागी प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल किए। नामांकन दाखिल करने के दौरान प्रत्याशियों के बीच सौहार्द्र और शिष्टाचार भी देखने को मिला। किसी ने अपने से वरिष्ठ प्रत्याशी के पांव छुए तो कुछ ने हाथ मिला एक दूसरे को शुभकामनाएं भी दीं।
सतना और मैहर जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन सोमवार को कुल 10 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जिनमें विधानसभा क्षेत्र चित्रकूट और रैगांव विधानसभा से एक-एक, सतना, नागौद, अमरपाटन तथा रामपुर बाघेलान विधानसभा क्षेत्र से दो-दो अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किये हैं। मैहर विधानसभा क्षेत्र से अब तक किसी अभ्यर्थी ने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल नहीं किया है। इस प्रकार अब तक सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11 अभ्यर्थियों ने अपने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किये हैं।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार ने बताया कि चुनाव की अधिसूचना 21 अक्टूबर को जारी की गई। 23 अक्टूबर को नामांकन के दूसरे दिन 10 अभ्यर्थियों ने कुल 13 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। सोमवार को विधानसभा क्षेत्र चित्रकूट से सुभाष शर्मा बहुजन समाज पार्टी, रैगांव से कल्पना वर्मा इंडियन नेशनल कांग्रेस, सतना से गणेश सिंह भारतीय जनता पार्टी, सिद्धार्थ कुशवाहा ने इंडियन नेशनल कांग्रेस, नागौद से नागेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और यादवेंद्र सिंह ने बहुजन समाज पार्टी से नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। मैहर विधानसभा से अब तक कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। अमरपाटन विधानसभा से डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने इंडियन नेशनल कांग्रेस और रामखेलावन पटेल ने भारतीय जनता पार्टी से तथा रामपुर बघेलान विधानसभा से विक्रम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और शुभांगी सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है। इसके पूर्व नामांकन के प्रथम दिन शनिवार को चित्रकूट विधानसभा से नीलांशु ने इंडियन नेशनल कांग्रेस से अपना पर्चा दाखिल किया है। इस प्रकार अब तक सात विधानसभा क्षेत्र में कुल 11 अभ्यर्थियों ने नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
बोले नागेन्द्र, मैने कभी टिकट नहीं मांगा
नागौद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया। फार्म भरने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी टिकट नहीं मांगी है। अब पार्टी से पूछना चाहिए कि उन्होंने ऐसा निर्णय क्यों लिया। कहा, मैं 8 बार विधानसभा चुनाव लड़ा हूं और सात बार जीता हूं। इस बार फिर लड़ेंगे। बुनियादी ढांचे का विकास करना उनकी प्राथमिकता रहा है और इसी मुद्दे पर चुनाव में जाएंगे। यह भी कहा कि जो भी चुनाव मैदान में है सभी उनके लिए चुनौती हैं। असंतोष पर कहा कि सभी का महत्व तो होता है।
सांसद गणेश सिंह ने दाखिल किया नामांकन
सतना विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सांसद गणेश सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास मिश्रा मौजूद रहे। उन्होंने शुभ मुहूर्त को देखते हुए पर्चा दाखिल किया है। लिहाजा संपत्ति, आपराधिक विवरण, आयकर, एनओसी संबंधित शपत्र पत्र प्रस्तुत नहीं किया है। पर्चा दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा भाजपा विकास,जनकल्याण के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा सरकार की योजनाओं से जन-जन को लाभ पहुंचा है इसी को लेकर चुनाव मैदान में है।
पिता हर्ष के साथ पहुंचे विधायक विक्रम, डमी प्रत्याशी बनी पत्नी शुभांगी
रामपुर बाघेलान से भाजपा प्रत्याशी विक्रम सिंह अपने पिता पूर्व मंत्री हर्ष नारायण सिंह एवं पत्नी शुभांगी सिंह के साथ अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इन्होंने भी अपना शपथ पत्र दाखिल नहीं किया है। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि मैं अपने 5 साल के दौरान किये गए कामों के साथ चुनाव मैदान में हूं। पूरे 5 साल काम किया है और जनता से सीधा संपर्क रहा है। आगे अभी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई की दिशा में काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि न तो मेरे सामने कोई चुनौती है न मेरी किसी से प्रतिद्वंदिता है। उनके साथ आई पत्नी शुभांगी ने डमी कंडीडेट के रूप में निर्दलीय पर्चा भरा। इस दौरान हर्ष सिंह ने कहा कि उनके जमाने की राजनीति और अब की राजनीति में काफी बदलाव आ गए हैं।
सिद्धार्थ ने भरे दो पर्चे
सतना विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा डब्बू ने सोमवार को अपना पर्चा भरा। उनके साथ शहर अध्यक्ष मकसूद अहमद, पूर्व मंत्री सईद अहमद, राजदीप सिंह मोनू, दिनेश दुबे, केएल पोहानी, सिद्धार्थ देव सिंह भी रहे। पर्चा दाखिल करने के बाद सिद्धार्थ ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सत्ता में बदलाव चाहती है। सतना सहित पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है। सतना की जनता को 20 वर्षों का हिसाब भी चाहिए।
बरगी होगा बड़ा मुद्दा : यादवेन्द्र
कांग्रेस से बगावत कर बसपा प्रत्याशी बने यादवेन्द्र सिंह ने भी शुभ मुहूर्त को देखते हुए अपना नामांकन दाखिल किया। लेकिन उन्होंने शपथ पत्र प्रस्तुत नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने विकास के कई काम किए हैं। सदैव जनता के बीच रहा हूं। बरगी को अपना बड़ा मुद्दा बताया। साथ ही कहा कि नागौद के अलावा वे अगल बगल की सभी विधानसभाओं में असर डालेंगे। उन्होंने भाजपा की टिकट के बाद उपजे असंतोष को जायज बताया।
विकास गिनाने लगेंगे तो घंटो लग जाएंगे: रामखेलावन
अमरपाटन से भाजपा प्रत्याशी राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने अपना पर्चा दाखिल किया। लेकिन शपथ पत्र प्रस्तुत नहीं किया है। नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है, चौमुखी विकास किया है। हमने सभी क्षेत्रों में विकास के काम किए हैं। इसी के नाम पर चुनाव मैदान में जाएंगे। विकास के काम इतने किए हैं कि गिनाने लगेंगे तो घटो लग जाएंगे। कांग्रेस ने तो जनता से जितने भी वादे किए कभी पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि हम सातों सीटे जीतेंगे।
प्रदेश में बदलाव की बयार: राजेन्द्र
अमरपाटन विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं कांग्रेस वचन पत्र समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने शुभ मुहूर्त पर अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने शपथ पत्र नहीं दिया है। उनके साथ उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह, जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा साथ रहे। पर्चा दाखिल करने के बाद कहा कि भाजपा जिसे विकास बता कर ढिंढोरा पीट रही है वह सब दिखावा है, यहां अधूरे कामो का लोकार्पण किया गया है। सम्पवेल का लोकार्पण कर योजना का लोकार्पण बता रहे। हकीकत यह है कि नलों में बूंद भर पानी नहीं आ रहा। प्रदेश भर में बदलाव की बयार चल रही है। इस बार कांग्रेस को सत्ता के आने से कोई नहीं रोक सकता।
पूरी कांग्रेस एकजुट है: कल्पना
रैगांव से भाजपा प्रत्याशी कल्पना वर्मा ने अपना पर्चा दाखिल किया। उनके साथ पर्चा दाखिल कराने सतना कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा, पूर्व मंत्री सईद अहमद भी साथ गए। पर्चा दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि 32 साल में क्षेत्र का जितना विकास नहीं हुआ उससे ज्यादा उन्होंने डेढ़ साल में किया। सरकार का समर्थन मिलता तो और विकास कार्य होते। रैगांव की उपेक्षा का मुद्दा लेकर वे जनता के बीच जाएगी। असंतोष और विरोध की बात खारिज करते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस एकजुट है और प्रदेश में कांग्रेस की लहर है।
चित्रकूट में विकास का मुद्दा सिर्फ फुटबाल बना रहा: सुभाष
भाजपा से बगावत कर चित्रकूट से बसपा प्रत्याशी सुभाष शर्मा डोली ने अपना पर्चा दाखिल किया। शुभ मुहूर्त को देखते हुए वे दौड़कर आरओ कक्ष तक पहुंचे। पर्चा दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा अन्य दलों ने चित्रकूट की सिर्फ उपेक्षा की और विकास के मुद्दे को यहां फुटबॉल बना कर एक दूसरे के पाले में खिसकाते रहे हैं। सभी ने जनता के हितों की अनदेखी की जबकि चित्रकूट विकास की असीमित संभावनाओं से भरा है। इस मुद्दे के साथ वे चुनाव मैदान में हैं।
Published on:
24 Oct 2023 12:26 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
