21 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतनाः 11वीं की छात्रा ने रची खुद के अपहरण की कहानी, मच गया हड़कम्प

अपनी छात्रवृत्ति बैंक खाते से निकाल कर प्रेमी से मिलने पहुंची सुल्तानपुर किसी को संदेह न हो इसलिए 6 साल की बच्ची को भी ले गई अपने साथ

4 min read
Google source verification
girl.jpg

सतना। अंकल.... मेरे पापा को लेकर आ जाओ... उन लोगों ने दो लड़कियों को चाकू मार दिया है... हम छिपे हुए हैं... गुंडे तलाश रहे हैं... मोबाइल पर सामने से सुनाई दे रही एक डरी सहमी लड़की की आवाज ने न केवल परिवार को बल्कि सतना पुलिस की पेशानी पर बल डाल दिया था। आनन फानन में खबरी सक्रिय कर दिये गये थे तो लड़की की तलाश का अभियान प्रारंभ कर दिया गया। लेकिन दूसरे दिन जब पुलिस इस लड़की के पास पहुंची तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 11 वीं कक्षा में पढ़ने वाली ये लड़की अपने प्रेमी से मिलने खुद के अपहृत होने की न केवल फर्जी कहानी बुनी थी बल्कि अपने छात्रवृत्ति के पैसे बैंक खाते से निकाल कर प्रेमी से मिलने सतना से प्रयागराज और सुल्तानपुर तक का सफर कर डाली थी। कोई संदेह न करे इसके लिए अपने साथ एक 6 साल की छोटी बच्ची को भी साथ ले गई थी।

महकमे में मच गया था हड़कम्प

शनिवार को सुबह जब सिविल लाइन थाना में हड़कम्प तब मच गया जब उसके पास यह सूचना पहुंची कि सोहावल के एक परिवार की 11वीं में पढ़ने वाली लड़की सहित एक अन्य घर से 6 साल उम्र की बच्ची गायब हो गई है। पुलिस के लिए तनाव का विषय यह भी था कि गायब होने वाली लड़की ने अपने परिजनों को फोन करके अपने गायब होने की जो कहानी बताई थी उसके अनुसार उन लोगों का अपहरण किया गया था। इतना ही नहीं इस कहानी में उसने अपने साथ सतना से भी अन्य लड़कियों के अपहरण की कहानी सुनाई थी। आनन फानन में मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में लाया गया। प्राथमिक तौर पर जो कहानी लड़की बता रही थी उसमें कई खामियां नजर आ रहीं थी। लेकिन पुलिस रिस्क नहीं ले सकती थी। अगर कहानी सही होती तो यह सतना के इतिहास में ह्यूमन ट्रैफिकिंग की सबसे बडी घटना होने जा रही थी।

रेलवे लाइन के किनारे चला सर्च आपरेशन

पुलिस अधीक्षक इस संवेदनशील मामले में किसी तरह का रिस्क लेने को तैयार नहीं थे। एक ओर जहां लड़की के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन की खोज शुरू करवाई गई तो दूसरी ओर उन्होंने रेलवे लाइन के किनारे सर्च आपरेशन प्रारंभ करवाया, क्योंकि लड़की ने मोबाइल में बताया था कि कुछ लड़कियों को ट्रेन से फेंक दिया है। मझगवां की ओर से पुलिस का एक दल जैतवारा की ओर पैदल रेलवे लाइन के किनारे सर्चिंग में निकला तो सतना से दूसरा दल जैतवारा की ओर पैदल रवाना हुए। पूरी पटरी के दोनों किनारे तलाश में कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने राहत की सांस ली।

लगातार मूव कर रहा था नंबर

इधर पुलिस की साइबर सेल लड़की के मोबाइल की लोकेशन पता करने में जुटी थी। पता चला कि लड़की का मोबाइल प्रयागराज में एक्टीवेट है। आनन फानन में पुलिस की टीम गठित की गई और प्रयागराज के लिए रवाना की गई। इस टीम के साथ लड़की के पिता भी साथ ले जाए गए। इधर साइबर टीम को पता चला कि मोबाइल का मूवमेंट जारी है और प्रयागराज से सुल्तानपुर की ओर बढ़ रहा है। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने यूपी पुलिस को भी सूचना दे दी। इसके साथ ही यह भी पता चला कि सुल्तानपुर में लड़की का ननिहाल भी है लिहाजा उन्हें भी खबर की गई।

सुल्तानपुर में मिली लड़की

इधर पुलिस टीम जैसे ही सुल्तानपुर में पहुंची तब तक पुलिस की मदद से लड़की के ननिहाल के लोग लड़की तक पहुंच चुके थे। पुलिस जब यहां पहुंची तो लड़की सकुशल अपने ननिहाल में मिली। इसके बाद लड़की को लेकर पुलिस दल सतना पहुंचा। जहां पूरी कहानी पूछी गई। अब लड़की को मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए जाएंगे इसके बाद लड़की को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

यह सामने आई कहानी

पुलिस ने जब लड़की से पूछताछ की तो कथित अपहरण कांड प्रेम प्रसंग की कहानी में बदलता हुआ नजर आया। दरअसल 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का ननिहाल सुल्तानपुर में है। यहां मामा के यहां आने जाने के दौरान उसके ननिहाल के एक लड़के से लड़की जान पहचान हो गई। इसके बाद ये लोग इंस्टाग्राम में एक दूसरे से चैटिंग करने लगे। बाचतीत आगे बढ़ने पर दोनों से शादी की प्लानिंग की और लड़की को लड़के ने प्रयागराज बुलाया। लड़की ने वहां जाने के लिए स्कूल से मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि को बैंक खाते से निकाला और कोई शंका न करे इसलिए अपने साथ एक 6 साल की अन्य लड़की को लेकर सोहावल से सतना के लिए निकली। इसके बाद सतना से ट्रेन द्वारा प्रयागराज पहुंची। यहां पर बस स्टैण्ड में 2 घंटे इंतजार की लेकिन लड़के के नहीं पहुंचने पर उसने फिर अपने परिजनों को फोन लगाकर अपहरण की कहानी सुनाई। इधर पुलिस की सक्रियता से लड़की की लोकेशन मिल चुकी थी। इसके बाद लड़की की लोकेशन सुल्तानपुर की ओर मूव करती हुई दिखी। जिसकी सूचना लड़की के ननिहाल को दी गई। लिहाजा लडकी को सुल्तानपुर में उसके ननिहाल वाले सुरक्षित अपने पास ले गए।

डबडबाई आंखों से देख रहा था युवक

जानकारों के अनुसार जब पुलिस लड़की के ननिहाल पहुंची तो वहां मामी का कथित भाई नजर आया जो संदिग्ध दिख रहा था। क्योंकि वह कई बार इशारों में लडकी को सतना जाने से मना करता नजर आ रहा था। इसके बाद जब लड़की को पुलिस सतना लेकर आने लगी तो वह डबडबाई आंखों से इधर देख रहा था। पुलिस के अनुसार लड़के ने ही लड़की को मोबाइल दिया था। इसकी जानकारी घर के कुछ लोगों को थी। हालांकि अब लड़की सिविल लाइन थाने में सुरक्षित ले आई गई है। अगले दिन मजिस्ट्रेट के सामने बयान करवा कर लड़की को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।