25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

satna: पूछा सांसद ने, एसपी साहब… सड़क विभाग के अधिकारियों से काम क्यों नहीं करवा पा रहे हैं?

ब्लैक स्पॉट खत्म नहीं करने पर सांसद ने जताई नाराजगी, दागा सवाल
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सतना

•

image

Ramashankar Sharma

•

Updated: 5 May 2022, 10:08 AM IST

satna: पूछा सांसद ने, एसपी साहब... सड़क विभाग के अधिकारियों से काम क्यों नहीं करवा पा रहे हैं?

satna: MP expressed displeasure over black spot not ending

सतना. सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जब पिछली बैठकों का पालन प्रतिवेदन देखा गया तो वह काफी निराशा जनक रहा। सांसद गणेश सिंह ने पाया कि पिछली बैठक में जो 44 ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें खत्म करने का निर्णय लिया गया था, उस पर कोई काम नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। आरटीओ और एसपी से पूछा कि आप लोग सड़क विभाग के अधिकारियों से काम क्यों नहीं करवा पा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि कलेक्टर अब इसकी नियमित समीक्षा करेंगे और आशा करते हैं कि अगली बैठक तक सभी ब्लैक स्पॉट खत्म हो जाएंगे।

कोई भी एजेंसी गंभीर नहीं

बैठक में सांसद ने ब्लैक स्पॉट के मामले को काफी गंभीरता से लिया। पाया कि कोई भी एजेंसी ब्लैक स्पॉट खत्म करने को गंभीर नहीं है। इस पर उन्होंने आरटीओ और एसपी से सवाल कर लिया। जिस पर एसपी ने बताया कि वे संबंधित सड़क विभाग के संबंधित सभी अधिकारियों से खुद बात कर चुके हैं। लेकिन कोई कुछ करने को तैयार नहीं है। एसपी ने तो चित्रकूट रोड के घाट के मामले में गंभीर टिप्पणी भी की। कहा, हम वहां किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। कई बार कहे जाने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। जब हादसा होगा तब सबको समझ आएगा। यह तथ्य आया कि अब तक सिर्फ पीएमजीएसवाई ने लिंक रोड पर गति अवरोधक बनाने का काम मात्र किया है।

जब एसपी को गुस्सा आया...

सड़क पर खड़ी होने वाली बसों का जब मसला आया तो बताया गया कि हवाई पट्टी मैदान में अभी लाइट आदि की व्यवस्था शेष है। इसलिये बस वाले वहां नहीं जा रहे हैं। यह सुनते ही एसपी भड़क गये। काफी तल्खी में उन्होंने कहा, जो व्यवस्थाएं होनी थी वो सब हो चुकी है। ये बस वाले नखरे दिखाते हैं। बहुत हो गया इनका नाटक। अब एफआईआर दर्ज करो। लेकिन सभी बसे मुझे नियत स्थान पर खड़ी मिलनी चाहिए।

सड़क पर खड़े ट्रक बड़ी समस्या

सतना विधायक ने कहा कि शहर के चारों ओर सीमा में बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं। सोहावल मोड़ और कारगिल ढाबे के पास पर तो आए दिन हादसे होते हैं। इस पर सांसद ने सोहावल मोड़ वाले ट्रकों को सहारा की तरफ रिक्त पड़ी भूमि पर पार्किंग की व्यवस्था करने कहा।

घायल को अस्पताल पहुंचाओ 5000 रुपये ले जाओ

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने गुड सेमरिटन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत घायलों को निकटतम अस्पताल में पहुंचाने पर किसी भी नागरिक को 5000 रूपये का पुरस्कार दिया जाता है। सभी थाना क्षेत्रों में योजना का प्रचार-प्रसार किया गया है। बताया कि अभी तक कोई भी इसके लिये आगे नहीं आया है।

कलेक्टर नियमित करें समीक्षा

सांसद ने कहा कि अब कलेक्टर ने सड़क विभाग की नियमित समीक्षा कर एक-एक ब्लैक स्पाट खत्म करवाए। अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई इस पर बात की जाए। इस बार अपेक्षा है कि अगली बैठक तक सभी ब्लैक स्पाट खत्म हो जाएंगे। जरूरत पड़ने पर सख्ती भी की जाए।