21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतनाः हड़ताल में पटवारी, राजस्व कामकाज ठप

पटवारियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए

2 min read
Google source verification
patwari.jpg

सतना। अपनी मांगों को लेकर जिले भर के पटवारी प्रादेशिक आह्वान पर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इसके पहले पटवारियों ने मांगों को लेकर तीन दिवसीय सांकेतिक सामूहिक अवकाश लिया था उसे उसके बाद राजधानी भोपाल के अटल पथ पर तिरंगा यात्रा निकाली थी। लेकिन सरकार द्वारा मांगों पर निर्णय नहीं लिये जाने के कारण सोमवार से पटवारियों ने अनिश्चित कालीन कलम बंद हड़ताल प्रारंभ कर दी है। जिला मुख्यालय में धवारी चौक स्थित धरना स्थल पर पटवारियों ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इस हड़ताल से अब नामांतरण, बंटवारा और जाति प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण कार्यों सहित अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 46 विभागों के कामकाज प्रभावित हो गए हैं।

टूटी सब्र की सीमा

मध्यप्रदेश पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश निगम ने बताया कि अब पटवारियों की सब्र की सीमा टूट चुकी है। 25 सालों से शासन से निवेदन किया जा रहा है। प्रदेश के मुखिया भी कह रहे हैं कि पटवारियों की मांगे पूरी की जाएंगी। लेकिन यह सब बातों तक सीमित है। पटवारियों ने अनुशासित तरीके से प्रदर्शन कर अपनी बात हर सक्षम जगहों सहित मुख्यमंत्री तक पहुंचाई लेकिन मांगों के क्रियान्वयन को लेकर आदेश जारी नहीं हो रहे हैं।

सारी बातें पक्ष में फिर भी लाभ से वंचित

धरना स्थल पर पटवारियों ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री ने मांगों के समर्थन में 2007 सनावद में घोषणा की थी, हाईकोर्ट के निर्देश भी हैं, राजस्व मंत्री का लिखित आश्वासन भी है। लेकिन आज तक पटवारियों की मांगों का निराकरण नहीं हो सका है। यह प्रदेश सरकार का पटवारियों के प्रति दोयम नजरिया है।

यह है मांग

पटवारी वेतनमान विसंगति को दूर कर 2800 ग्रेडपे की मांग विगत 25 वर्षों से कर रहे है। पटवारियों को वर्ष 1998 में निर्धारित किये गए वेतनमान के अनुसार ही वर्तमान वर्ष 2023 में वेतन दिया जा रहा है। जबकि पटवारियों से पूरे सेवाकाल में कार्य लेने वाले राजस्व विभाग एवं उसकी पद स्थापना वाले भू अभिलेख विभाग के सभी पदोन्नत पदों (राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख, तहसीलदार, अधीक्षक भू अभिलेख) के वेतनमान में कई बार वृध्दि की जा चुकी है। इतना ही नहीं कानून में संशोधन कर को पटवारियों को एक उच्च पद का अतिरिक्त कार्य सीमांकन तो दिया गया परंतु समान कार्य समान वेतन के आधार पर राजस्व निरीक्षक का वेतनमान नही दिया गया। इसके अलावा पद के सापेक्ष में समयमान वेतनमान, पदोन्नति, गृहभाड़ा भत्ता, स्टेशनरी भत्ता, यात्रा भत्ता में वर्तमान मंहगाई के अनुसार बढ़ोत्तरी की भी मांग शामिल है।

सभी तहसील मुख्यालयों में प्रदर्शन

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए पटवारियों ने सभी तहसील मुख्यालयों में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पटवारियों ने अपने बस्ते जमा कर दिए हैं और सभी कामों को खुद को अलग कर लिया है।