
chambal river
चुनावी साल में राजस्थान के दौरे पर चल रहीं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार को गंगापुरसिटी पहुंची। इस दौरान मुख्यमंत्री राजे ने गंगापुर के लोगो को बड़ी सौगात दी और जनसंवाद किया। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा वर्ष 2005 में शुरू हुई चम्बल-सवाईमाधोपुर-नादौती पेयजल परियोजना से अब गंगापुर सिटी शहर को भी जल्द पानी उपलब्ध होगा।
सीएम राजे ने शुक्रवार को गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र के जनसंवाद के दौरान कहा कि 13 वर्ष पहले शुरू की गई इस लिफ्ट परियोजना को पुनर्जीवित किया है। इस पर प्रमुख शासन सचिव जल संसाधन रजत कुमार मिश्र ने बताया कि परियोजना का काम तेजी से चल रहा है और मंडरायल तक चम्बल का पानी पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि 15 से 20 दिन में गंगापुर सिटी तक चम्बल का पानी पहुंच जाएगा जिससे क्षेत्र में प्रतिदिन 50 लाख लीटर अतिरिक्त पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी।
बीसलपुर-बौंली जल परियोजना का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने बीसलपुर जल परियोजना के तहत 19 करोड़ 71 लाख रूपये की लागत से निर्मित बौंली स्थित पम्पिंग स्टेशन का शुक्रवार को अवलोकन किया। इस परियोजना में 28 मई 2017 को बौंली क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति शुरू हो गयी थी। मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर ग्रामीणोंं, विशेषकर महिलाओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया और लम्बे समय से चल रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आभार व्यक्त किया
ईस्टर्न कैनाल प्रोजेक्ट से बदलेगी, 13 जिलों की तस्वीर
राज्य सरकार 37 हजार करोड़ रूपये की लागत वाली ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) पर भी काम कर रही है। इस परियोजना से राज्य के पूर्वी हिस्से के 13 जिलों सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, दौसा, टोंक, भरतपुर, कोटा, बूंदी, अलवर, बारां, झालावाड़, अजमेर और जयपुर में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
ईआरसीपी परियोजना के तहत पार्वती, कालीसिंध, मेज एवं चाकन सहित विभिन्न नदियों के पानी को व्यर्थ बह जाने से रोककर सिंचाई और पेयजल के उपयोग में लाया जाएगा। इस परियोजना को धौलपुर लिफ्ट एवं चम्बल लिफ्ट परियोजनाओं से भी जोड़ा जायेगा, जिससे इन जिलों में किसानों को दो फसलें लेने के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
जयपुर डिस्कॉम का ऑनलाइन बिजली शिकायत कॉल सेंटर लॉन्च
मुख्यमंत्री ने जनसंवाद के दौरान जयपुर विद्युत वितरण कम्पनी की ओर से स्थापित ऑनलाइन उपभोक्ता सेवा केन्द्र पर फोन कॉल कर इसका शुभारंभ किया। इस कॉल सेंटर के माध्यम से जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को लैण्डलाइन और मोबाइल फोन के जरिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी। शिकायतकर्ता को फोन पर ही शिकायत नम्बर और विद्युत आपूर्ति ठीक करने आ रहे दल के वाहन की लोकेशन की जानकारी एसएमएस के माध्यम से मिलेगी।
विद्युत आपूर्ति सेवा में सुधार हो जाने पर उपभोक्ता के हस्ताक्षर से ही शिकायत निस्तारित हो सकेगी। इस कॉल सेंटर पर कॉल करने के लिए डिस्कॉम की सभी डिविजन में मोबाइल और लैण्डलाइन नम्बर भी उपलब्ध कराये गये हैं।
पहली बार लगा 220 केवी क्षमता का जीएसएस
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र में घर-घर तक बिजली पहुंचाने का जितना काम पिछले साढे़ चार साल में हुआ है उतना आजादी के बाद पहले कभी नहीं हुआ। पहली बार इस क्षेत्र में 220 केवी क्षमता का जीएसएस स्थापित किया गया है। वहीं इस क्षेत्र में 33 केवी के 7 जीएसएस पिछले साढे़ चार साल में ही बने हैं तथा शीघ्र ही एक और जीएसएस स्थापित किया जायेगा। पिछले चार साल में इस क्षेत्र में 800 कृषि कनेक्शन तथा 12 हजार 302 घरेलू विद्युत कनेक्शन दिये गये।
77 करोड़ रूपये लागत के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जनसंवाद से पहले गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 77 करोड़ रूपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किये। उन्होंने गंगापुर सिटी में 41 करोड़ 43 लाख रूपये की लागत से निर्मित 220 केवी जीएसएस, मच्छीपुरा में 9 करोड़ 67 लाख रूपये की लागत से बने देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास भवन, लगभग 2 करोड़ रूपये की लागत से बने वजीरपुर उपखण्ड कार्यालय भवन तथा 1 करोड़ 75 लाख रूपये की लागत से वजीरपुर में ही तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।
साथ ही 8 करोड़ 74 लाख रूपये की लागत से पुरानी नगर पालिका भवन पर प्रस्तावित कॉमर्शियल - कम - ऑफिस भवन, 7 करोड़ 4 लाख रूपये की लागत से राज्य सड़क निधि कोष से होने वाले सड़क विकास कार्यों और 5 करोड़ 39 लाख रूपये की लागत से 15 किमी लम्बी नई सड़क योजनाओं तथा 75 लाख रूपये की लागत हिंगोटिया रोड स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
Updated on:
09 Jun 2018 08:11 am
Published on:
09 Jun 2018 06:01 am
