
फोटो पत्रिका नेटवर्क
सवाईमाधोपुर। रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में पर्यटक वाहनों की ओर से टाइगर को घेरने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने तीन नेचर गाइड और तीन वाहन चालकों पर अग्रिम आदेश तक पार्क में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है।
रणथम्भौर बाघ परियोजना के उपवन संरक्षण मानसिंह ने बताया कि 2 अप्रेल को शाम की पारी में जोन नंबर तीन में पर्यटक भ्रमण के दौरान टाइगर दिखाई दिया। इस दौरान कुछ वाहनों ने बाघ को चारों ओर से घेर लिया। जिससे उसे निकलने का रास्ता नहीं मिला। इस घटना का वीडियो भी सामने आया। जिसके आधार पर वन विभाग ने जांच की।
जांच में दोषी पाए जाने पर वाहन चालक मुरारी लाल मीणा, महेंद्र माली और तेजराज सिंह सहित नेचर गाइड प्रफुल्ल पाराशर, हंसराज गुर्जर और सैयद इरशाद पर कार्रवाई की गई।
वन विभाग के अनुसार, एनटीसीए की गाइडलाइन के तहत टाइगर साइटिंग के समय कम से कम दस फीट की दूरी बनाए रखना आवश्यक है। लेकिन इस घटना में नियमों की खुली अवहेलना की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोपरि है और गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व देश-विदेश के वन्यजीव प्रेमियों के लिए टाइगर साइटिंग का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि पर्यटन की साख को भी प्रभावित करती हैं।
Published on:
10 Apr 2026 08:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
