
बिलखते परिजन व इनसेट में युवक मुकेश। फोटो: पत्रिका
Sawai Madhopur News: चौथ का बरवाड़ा उपखंड क्षेत्र में बहने वाली बनास नदी में देवली रपट पर एक युवक नहाने के दौरान बह गया। स्थानीय गोताखोरों की टीम युवक की लगातार तलाश कर रही है। वहीं सूचना मिलने के साथ ही प्रशासन की ओर से सवाईमाधोपुर से सिविल डिफेंस की टीम को बुलवाया गया।
मौके पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद है। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा है। शिवाड़ चौकी प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि मुकेश (35) पुत्र हरिनारायण केवट निवासी समुद्रपुरा तहसील चौथ का बरवाड़ा देवली रपट के पास नहा रहा था।
इसी दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। इन दिनों बीसलपुर बांध से बड़ी मात्रा में पानी निकाले जाने के कारण पानी का वेग काफी ज्यादा है। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को देने के साथ ही स्थानीय गोताखोर को दी। जिसके बाद युवकों की टीम ने पहुंच कर बनास नदी में युवक की तलाश की।
इधर, परिवार के लोगों एवं गांव के लोगों को सूचना मिलने के साथ ही ग्रामीणों का जमावड़ा हो गया। युवक की तलाश को लेकर प्रशासन की ओर से सिविल डिफेंस को बुलाया गया है, लेकिन डिडायच बनारस रपट पर पानी आने तथा रपट टूटी होने के कारण सिविल डिफेंस की टीम बौंली होकर लंबा चक्कर लगाकर पहुंची। सिविल डिफेंस की टीम की ओर से युवक की तलाश की जा रही है।
समुद्रपुरा गांव के राजू ने बताया कि मुकेश परिवार में अकेला ही कमाने वाला है। वह पेट्रोल पंप पर तेल भरने का कार्य कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। मुकेश के पांच बच्चियां हैं। मुकेश के बड़े भाई की भी बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। बड़े भाई के दो पुत्र एवं 3 बच्चियों का पालन पोषण भी मुकेश ही करता था।
मुकेश के बनास नदी में बहने की सूचना जैसे ही परिजनों को लगी तो वह मौके पर पहुंचे। पत्नी एवं बच्चियां बहने की सुनकर बेसुध हो गईं। ग्रामीणों की ओर से उनको संभाला गया। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर है।
Published on:
14 Sept 2025 01:55 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
