जिले के आष्टा के रामपुरा खुर्द, फुदरा, बमूलिया भाटी, सिद्दीकीगंज, झिकरी टैंक, पंचापुरा और सीहोर ब्लॉक के खखेड़ा बरखेड़ी, रायपुरा व इछावर ब्लॉक के नीवूखेड़ा, हिलियाखेड़ी और नसरुल्लागंज के मांझीखेड़ा तालाब से सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाएगा। सिंचाई के लिए जिले में करीब ६६ तालाब हैं। जल संसाधन विभाग नहरों के माध्यम से करीब ५० हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाता है। इस बार करीब १५ तालाबों में पानी २५ प्रतिशत से कम है और २० तालाब आधे से ज्यादा खाली है। २५ प्रतिशत पानी वाले तालाब से नहरों में पानी बिल्कुल नहीं छोड़ा जाएगा और ५० प्रतिशत पानी वाले तालाबों से एक बार पानी छोड़ा जाएगा। हां, इसमें एक अच्छी बात यह जरूर है कि १७ तालाब ऐसे हैं, जिनमें पर्याप्त पानी है। यहां जल संसाधन विभाग रबी की फसल के लिए तीन बार पानी देगा।