
इंदौर जा रही बस पलटी, खचाखच भरी थी बस, लगा लंबा जाम
सीहोर. मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में अभी-अभी एक बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया है, बस भोपाल से रवाना होकर इंदौर जा रही थी, बताया जा रहा है कि इस लग्जरी बस में सभी सीटों पर यात्री सवार थे, यात्रियों से भरी बस के पलटते ही अफरा-तफरी मच गई, बस पलटते ही इस रूट से इंदौर जा रहे वाहनों की दूर दूर तक लाइन लग गई, जिससे जाम की स्थिति भी निर्मित हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया है, बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है, वहीं पांच लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार भोपाल से इंदौर जा रही बस क्रमांक 01 एई 2769 बस में भोपाल से इंदौर की तरफ जा रही थी, इसी दौरान सीहोर में चोपाल सागर के समीप अचानक बस पलट गई, बस पलटने से उसमें सवार यात्री घायल हो गए, जिन्हें लोगों की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए भोपाल भेजा गया.
दुर्घटना में बस काफी क्षतिग्रस्त हो गई है, बस देखकर ही पता चल रहा है कि दुर्घटना में लोगों को काफी चोटें आई होंगी, क्योंकि बस एक तरफ लेट गई है, उसका आगे की हिस्सा भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया है, फिलहाल घायलों के नाम व पहचान नहीं हुई है, लेकिन अभी तक किसी की जान को खतरे या किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं आई है।
भैंस को बचाने के चक्कर में हादसा
भोपाल से इंदौर जा रही बस के सामने अचानक भैंस आ जाने से भैंस को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बस में सवार करीब 13 लोग घायल हो गए, घायलों में 5 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए भोपाल रेफर किया है। एक गंभीर घायल आईसीयू व सात जरनल वार्ड में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
स्लीपर कोच क्रमांक केए-01 एई 2769 चौपाल चौकी के समीप पलट गई, क्योंकि जब बस इंदौर की तरफ जा रही थी, इसी दौरान झाडिय़ों से निकलकर एक भैंस अचानक सड़क पर आ गई, भैंस को बचाने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 20 से 25 लोग सवार थे, जिसमें से कुल 17 लोग घायल हो गए। एंबुलेंस से पांच गंभीर घायलों को हमीदिया रेफर कर दिया। आठ यात्रियों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें से एक को आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है। घायलों में हिमांशु 29 वर्ष मंडला, पूजा पिता बकुल, 22 वर्ष भोपाल, लीला पति कैलाश उम्र 56 वर्ष अहमदाबाद, शमा अंसारी 46 वर्ष निवासी इंदौर, आनंद 27 वर्ष, प्रकाशचंद्र 40 वर्ष निवासी बेगमगंज रायसेन, नारायण 41 वर्ष निवासी बैरागढ़, राधेश्याम पिता रामचंद्र 54 वर्ष शाजापुर, दिनेश गौतम पिता बनवारीलाल उम्र 61 निवासी लांबाखेड़ा भोपाल सहित अन्य लोग शामिल हैं। इनमें से पूजा पिता बकुल, महेश पिता सुखराम उम्र 40 साल रायसेन, आनंद 27 वर्ष, प्रकाश चंद्र, दिनेश गौतम को भोपाल हमीदिया रेफर किया गया है। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं पलटी खाई बस को क्रेन से उठाकर रवाना कर दिया है।
Updated on:
23 Jul 2022, 3:28 PM IST
Published on:
23 Jul 2022, 2:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.