
सीहोर की लिफ्ट में आधे घंटे तक फंसा रहा भोपाल का युवक, रेस्क्यू कर डायल 100 ने निकाला बाहर
सीहोर@सुनील शर्मा की रिपोर्ट...
हैलो डायल 100 में एक लिफ्ट में फंसा हूं, मुझे बचा लो नहीं तो मैं मर जाउंगा। यहां बहुत अंधेरा है मुझे कुछ नहीं दिखाई दे रहा है। यह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब इस बारे में लोगों को बताया तो सब हक्के-बक्के रह गए। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर लिफ्ट में फंसे कर्मचारी को बाहर निकाला गया, तब कहीं जाकर उसकी जान में जान आई।
डायल 100 के स्टाफ ने बताया कि मामला बस स्टैंड स्थित मॉल का है। एक नीजि कंपनी की बैठक रूम नंबर 115 में थी। जिसमें शामिल होने भोपाल निवासी जितेन्द्र सिंह भी पहुंचा था।
लिफ्ट में सवार होकर युवक जैसे ही चौथे माले पर पहुंचने वाला था, कि अचानक बिजली चली गई। बीच में फंसने और अंधेरा होने के कारण कर्मचारी जितेन्द्र सिंह अधर में फंसकर रह गया।
मदद के लिए पुकार लगाने पर जब कोई नहीं आया तो मिटिंग में शामिल होने आए इस पीड़ित कर्मचारी ने घटना की सूचना डायल 100 को देते हुए बताया की मुझे बचा लो नहीं तो मैं मर जाउंगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआरबी के 18 पायलेट राकेश मालवीय, हेडकांस्टेबल करण सिंह मालवीय और कांस्टेबल धर्मेंद्र मालवीय घटनास्थल पर पहुंचे तब कही जाकर घटना की जानकारी अन्य लोगों को मिली। डायल 100 के स्टाफ ने करीब आधे घंटे से रेस्क्यू चलाकर जितेन्द्र को बाहर निकाला। तब कहीं जाकर अन्य लोगों की जान में जान आई।
क्या कहते हैं लिफ्ट Experts...
लिफ्ट एक्सपर्टस के अनुसार एक साथ या बार-बार बटन दबाने से तकनीकी खराबी आने से लिफ्ट बंद हो सकती है। इसलिए इस तरह की गलती न करें।
हालांकि अब नई तकनीक से बनी लिफ्ट में अचानक बंद होने की घटनाएं कम हो रही हैं। अब बनने वाली लिफ्ट में अगर खराबी होती है तो वह स्वत: ही नजदीकी फ्लोर पर जाकर रुक जाएगी।
पुरानी लिफ्ट में यह तकनीक नहीं थी। इसलिए लिफ्ट में फंसे किसी व्यक्ति को तुरंत घबराने की जरूरत नहीं होती है।
लिफ्ट बंद होने पर क्या करें...
- लिफ्ट बंद होने पर घबराए नहीं, 20 सेकेंड इंतजार करें ।
- 20 सेकेंड बाद ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस काम करना शुरू करेगा ।
- डिवाइस की मदद से लिफ्ट नजदीकी फ्लोर पर पहुंचकर खुल जाएगी ।
- आपातकालीन बटन का प्रयोग कर मांग सकते हैं सूचना ।
- लिफ्ट में लगे टेलीफोन का प्रयोग कर सुरक्षा गार्डों की मदद ले सकते हैं ।
- सायरन बटन दबने से नीचे लगा हूटर बजना शुरू हो जाएगा ।
- बाहर के लोग डी-लॉकिंग का प्रयोग कर लिफ्ट को खोला जा सकता है।
- लिफ्ट को रोकने के लिए हाथों की जगह बटन का प्रयोग करें।
लिफ्ट बंद होने पर क्या न करें...
- लिफ्ट रुक जाने पर बार-बार बटन नहीं दबाएं ।
- लिफ्ट के दरवाजे को खुद से खोलने का प्रयास न करें ।
- लिफ्ट के अंदर ऊपर-नीचे उछलने से बचें ।
- रोकने के लिए पैर-हाथ का प्रयोग नहीं करें।
बच्चों को लेकर सावधानी...
- छोटे बच्चों को लिफ्ट में अकेले नहीं भेजे ।
- बच्चों को लिफ्ट का प्रयोग करने की जानकारी दें।
- हो सके तो लिफ्ट में बच्चों के साथ जरूर जाएं।
- अकेले होने पर बच्चों को सीढ़ियों का प्रयोग करने की सलाह दें।
Published on:
18 Aug 2018 01:52 pm
बड़ी खबरें
View Allसीहोर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
