
सीहोर. अटल बिहारी कॉलोनी में इस तरह कच्चे रास्ते पर पानी बह रहा है।
सीहोर. शहर के वार्ड क्रमांक 23 की अटल बिहारी कॉलोनी के रहवासी सड़क, नाली, पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। इस समस्या को दूर करने उनकी तरफ से कई बार अफसर-जनप्रतिनिधियों को शिकायत दर्ज कराई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। जिसके चलते उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब अल्टीमेटम दिया है कि जल्द ही इस दिशा मेें ध्यान नहीं दिया तो वह धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन करेंगे।
पक्की सड़क तक नहीं बनी
करीब 500 की आबादी वाली इस कॉलोनी के रहवासियों की बदकिस्मती कहे या फिर अफसर-जनप्रतिनिधियों की लापरवाही जो कि यहां सुविधा के नाम पर आज तक कुछ नहीं हो सका है। इस कॉलोनी में क्या हाल है उसका अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि पक्की सड़क तक नहीं बनी है। वहीं नालियों का निर्माण नहीं होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य कच्चे पर आकर बहने से सर्दी के मौसम में भी कीचड़ के हालात हैं। इसी से लोगों को आवाजाही करने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कॉलोनी में कुछ मकानों के बीच से ही एक नाला निकला है, जिसका भी निर्माण नहीं हुआ है। इससे बारिश के मौसम में नाले का पानी घरो में पहुंचने से सामान खराब हो जाता है।
कोई ध्यान नहीं दे रहा
उल्लेखनीय है कि यह समस्या शहर के अधिकांश वार्ड की कालोनी में बनी हुई है, जिसके चलते लोग लंबे समय से समस्या का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ संदीप श्रीवास्तव का कहना है कि हमारी तरफ से वार्डो में लगातार जनहित के कार्य कराएं जा रहे हैं। अटल बिहारी कॉलोनी की समस्या को भी दिखवाया जाएगा, उसके बाद जो भी हो सकता है वह किया जाएगा।
इंदिरानगर में भी सुविधाओं की दरकार
वार्ड क्रमांक दो के इंदिरानगर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। इस वार्ड के लोगों को भी सुविधा नहीं मिल रही है। लोगों का कहना है कि नालियां नहीं बनने से गंदा पानी इधर-उधर भरा होने से बीमारी का कारण बन रहा है। लोगों ने बताया कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय वोट लेने तो आते हंै, लेकिन चुनाव जीतने के बाद झांकते तक नहीं है। जिसका खामियाजा उनको भुगतना पड़ रहा है। बता दे कि इस प्रकार के हाल गंज, चाणक्यपुरी, फारेस्ट कॉलोनी के अलावा अन्य कॉलोनियों में भी आसानी से देखे जा सकते हैं। चाणक्यपुरी में तो कई खाली प्लाट में काफी समय से कचरा और गंदगी जमा होने की लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है, उसके बाद भी उनकी समस्या आज तक दूर नहीं हो सकी है।
आक्रोशित रहवासियों ने दिया अल्टीमेटम, करेंगे आंदोलन
हमारी कॉलोनी में नल तक नहीं लगे हैं, जिससे इधर-उधर से पानी लाकर प्यास बुझाना पड़ती है। गर्मी के दिनों में तो दो से तीन किमी तक भटकतना पड़ता है, तब कहीं जाकर पानी मिलता है।
कृष्णाबाई मेवाड़ा, रहवासी
मकान के सामने नाली निर्माण नहीं होने के साथ सड़क तक नहीं बनी है। जिससे गंदा पानी कच्चे रास्ते पर ही बहने से कीचड़ से ही आवाजाही करना पड़ती है। इससे दिक्कत होती है।
शिवप्रसाद मीणा, रहवासी
लंबें समय से सड़क, पानी, नाली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित होने से समस्या का सामना कर रहे हैं। इस समस्या को दूर करने हमारी तरफ से जिम्मेदारों को अवगत कराया, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
नूरजहां, रहवासी
वार्ड में जो समस्या बनी हुई है उससे हर दिन तकलीफ भोग रहे हैं, लेकिन क्या कर सकते हैं। कलेक्ट्रेट, तहसील में इस समस्या को दूर करने कई बार शिकायत दर्ज कराई, फिर भी कुछ नहीं हुआ।
शीला बागड़े, रहवासी
Published on:
28 Jan 2020 01:49 pm

बड़ी खबरें
View Allसीहोर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
