1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मध्यप्रदेश के इस नगरपालिका से जुड़ेंगे 11 नए गांव, बढ़ेगा शहर का दायरा

अंतिम प्रकाशन के लिए कलेक्टर के पास भेजी फाइल...

2 min read
Google source verification
11 new villages will be added to this municipality of Madhya Pradesh

शुभम बघेल
शहडोल- नगरपालिका शहडोल में नए गांव जुडऩे से जल्द ही शहर का दायरा भी बढ़ जाएगा। दरअसल नगरपालिका शहडोल में आसपास के सटे गांवों को जोडऩे की दिशा में फाइल चल रही है। नगरपालिका शहडोल द्वारा अंतिम प्रकाशन के लिए कलेक्टर को फाइल भेजी गई है। सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में 6 ग्राम पंचायतों के 11 गांवों को नगरपालिका शहडोल में शामिल कर लिया जाएगा। नपा में ये
11 गांव जुडऩे से नगरपालिका की जनसंख्या 1 लाख के ऊपर पहुंच जाएगी। नगरपालिका से शहर से सटे इन गांवों के जुडऩे से एक ओर जहां शहर का दायरा बढ़ जाएगा तो वहीं दूसरी ओर शहर के विकास को भी नई राह मिलेगी। इसके अलावा शहर में बैंकिंग सेक्टर से जुड़े कई बैंक, फाइनेंस कंपनिया और बड़े शोरूम कतार में हैं। 6 पंचायतों के 11 गांव नगरीय क्षेत्र में शामिल होने से इन कंपनियों को भी शहर के बीच पैठ जमाने का मौका मिलेगा।

ज्यादा फण्डिंग से शहर का होगा विकास
नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक राजमणि के अनुसार नपा शहडोल की वर्तमान में जनसंख्या 86 हजार है। नए गांव जुडऩे से जनसंख्या एक लाख से ज्यादा हो जाएगी। एक लाख से ऊपर होने पर इस निकाय को अधिक फण्डिंग होने लगेगी। ज्यादा बजट मिलने से शहर का बेहतर तरीके से विकास होगा। इसके अलावा कई कंपनी, व्यापारिक प्रतिष्ठान और उद्योग आने से नपा का राजस्व का खजाना भी बढ़ेगा।

11 गांव के 17 हजार ग्रामीण शहर से जुड़ेंगे
जनगणना 2011 के अनुसार ग्राम पंचायत पिपरिया, कोटमा, चापा, गोरतरा, जमुई, कल्याणपुर के जिन गांवों को शामिल किया जा रहा है उनकी आबादी 17 हजार है। पिपरिया, छतरपुर, कोटमा, चापा, कुदरी, गोरतरा, जमुआ, जमुई, कल्याणपुर, कोईलारी और विचारपुर गांव के 17 हजार ग्रामीण नपा शहडोल में जुड़ जाएंगे। इसको लेकर सर्वे के बाद अब अंतिम प्रक्रिया पर फाइल चल रही है।

छह ग्राम पंचायतों के 11 गांव होंगे शामिल
- ग्राम पंचायत पिपरिया का पिपरिया और छतरपुर गांव।
- ग्राम पंचायत कोटमा का कोटमा गांव का आबादी क्षेत्र।
- ग्राम पंचायत चापा का चापा और कुदरी आबादी क्षेत्र।
- ग्राम पंचायत गोरतरा का गोरतरा और जमुआ गांव।
- ग्राम पंचायत जमुई का जमुई आबादी क्षेत्र।
- ग्राम पंचायत कल्याणपुर का कल्याणपुर, कोईलारी और विचारपुर गांव।

इस तरह चारों ओर बढ़ेगी नपा की सीमा
उत्तर- छतवई, बरूका, मैकी, देवगवां और शहडोल की दक्षिण सीमा।
पूर्व- मैकी, पोंगरी, हर्री, धुरवार, हरदी, शहडोल की पश्चिमी सीमा।
दक्षिण- पडऱा, उरैहा, फतेहपुर, वासिम, पचगांव और सिंदुरी की उत्तरी सीमा।
पश्चिम- नरवार, बंधवा खुर्द, चंदनिया, देवगवां, मेढ़की, उमरिया की पूर्वी सीमा।

इनका कहना है
शहडोल नगरपालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे के मुताबिक नगरपालिका शहडोल में 6 ग्राम पंचायतों के 11 गांवों को जोडऩे की कार्ययोजना बनाई गई है। अंतिम प्रकाशन के लिए कलेक्टर के समक्ष भेजा गया है। 11 नए गांव जुडऩे से शहर का दायरा बढऩे के साथ विकास भी होगा। एक लाख से अधिक जनसंख्या होने पर बजट भी बढ़ जाएगा, जिससे विकास के कई कार्य किए जाएंगे।

Story Loader