
शहडोल. चार दिन से लगातार मौसम का मिजाज बदला हुआ था और रिमझिम-रिमझिम बारिश भी हो रही थी। जिसके बाद रविवार की दोपहर तेज गरज लपक के साथ शुरु हुई बारिश देर शाम तक चलती रही। इस बारिश ने अब किसानों को मुश्किल में डाल दिया है। हालांकि मौसम खराब होने की वजह से किसान सतर्क तो थे लेकिन रविवार को अचानक शुरू हुई बारिश के चलते किसानों को अच्छी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बदलते मौसम को देखते हुए सभी खेतो व खलिहानों में रखी फसल को सुरक्षित करने की जुगत में लगे थे। रविवार को जिला मुख्यालय के साथ ही जिले भर में तेज बारिश हुई। जिसके चलते किसानों की फसल को अच्छा खासा नुकसान हुआ है। यदि आगे भी ऐसा ही मौसम रहा तो एक बार फिर किसान की फसल तबाह हो जाएगी।
इस बारिश से सबसे ज्यादा नुकशान उन किसानों को उठाना पड़ेगा जिनकी फसल खलिहान में थ्रेसिंग के लिए रखी हुई या फिर थ्रेसिंग के बाद सुरिक्षत नहीं हो पाई थी और बारिश में भीग गया है। जानकारों की माने तो थ्रेसिंग के लिए रखी फसल पूरी तरह से भीग गई है जिसके चलते अब उसकी थ्रेसिंग में परेशानी होगी। वहीं अनाज के दाने भी काले पड़े जाएंगे। जिसके चलते बाजार में उसके अच्छे भाव नहीं मिलेंगे।
मॉडल सड़क पर भरा पानी, आवागमन में हुई परेशानी
नपा ने बिना तकनीक और मनमानी माड़ल सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण साबित हो रही है। लगभग ४ करोड़ रुपए की लागत से नगर के राजेन्द्र टाकीज से गल्र्स डिग्री कालेज तक तीन साल पहले बनाई गई लगभग १ किलोमीटर दूरी की माड़ल सड़क में डक्ट और नाली तथा सड़क के बीच बनाए गए डिवाइडारों के बीच से पानी की निकासी नहीं होने के कारण हल्की बारिश में सड़क पर पानी का भराव हो रहा है। रविवार को दोपहर हुई बारिश के बाद गल्र्स कालेज के सामने और पालीटेकनिक मैदान के सामने पानी का भराव होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि नपा द्वारा ठेकेदार के माध्यम से निर्माण कार्य तो कराया गया, लेकिन गुणवत्ता के अभाव के कारण सड़क परेशानी का सबब बनकर रह गई है। हाल ऐसे हैं कि सड़क के किनारे बनाए गए फुटपाथ पर लगे पत्थर और सड़क के दोनों ओर पानी की निकासी के लिए बनाए गए डक्ट और नाली में मिट्टी और रेत तथा कचरे के भराव होने के कारण पानी जगह-जगह जमा हो रहा है। सड़क से पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।
ग्रामीण अंचलों में भी जोरदार बारिश
जिला मुख्यालय के साथ ही ग्रामीण अंचलो में भी तेज बारिश की खबर है। जिले के बुढ़ार जैतपुर क्षेत्र में किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि पहले से ही किसानो की खलिहान में रखी फसल भीग गई थी। इसके बाद रविवार को हुई बारिश ने उसे पूरी तरह से गीला कर दिया है। वहीं गोहपारू, जयसिंहनगर क्षेत्र में भी हल्की-फुल्की बारिश के साथ आंधी तूफान ने जन जीवन को प्रभावित किया है।
Published on:
16 Apr 2018 03:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
