
सिटी मजिस्ट्रेट का फल मंडी में छापा, सड़े हुए फल हो रहे थे बिक्री
शाहजहांपुर। एक तरफ जहां प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य महकमा लगातार प्रदेश में फैली बीमारियों की रोकथाम करने करने में जुटी है वहीं यूपी के शाहजहांपुर में अधिकारियोंं की लापरवाही के चलते बड़े पैमाने पर बीमारिया बांटने का काम हो रहा है। यहां मिलीभगत से फल मंडी में सड़े हुये फलों को खुलेआम बेचा जा रहा है।
आठ पशुओं की हो गई थी मौत
मंडी से खरीदे सड़े हुये फलों को खाने से बड़े पैमाने पर ग्रामीण बीमार हो रहे हैं। इसी के चलते आज ग्रामीणों की शिकायत के बाद सिटी मजिस्ट्रेड और खाद्य निरीक्षक ने मंडी में छापा मारा, जहां से सड़े हुये फलों से भरे हुये दो ट्रक जब्त कर आढ़तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिये हैं। मामला थाना रोजा की फल मंडी का है। जहां काफी दिनों से हिमाचल प्रदेश से सड़े हुये सेब मंगाकर सस्ते दामों में ग्रामीणों को बेचे जा रहे थे। दो दिन पहले सड़क किनारे पड़े सड़े हुये सेब खाकर आठ पालतू जानवरों की मौत हो गई थी जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मंडी प्रशासन और आढ़तियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी।
मंडी सचिव को फटकार
इसी के चलते आज सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने मंडी में छापा मारा जहां से कुछ ट्रक चालक मौका पाकर भाग गये जब कि दो ट्रक मौके से बरामद कर लिये। ट्रकों में भरे सेब को बोरों से जब पलटवाकर देखा तो उसमें बदबू दार सड़े हुये फल निकले। जिसे देखकर सिटी मजिस्ट्रेट का पारा हाई हो गया और जमकर मंडी सचिव को फटकार लगाई। आढ़तियों के लाइसेंस रद्द कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिये हैंं। .फ़िलहाल खाद्य निरिक्षक की टीम ने सड़े फलों के नमूने लेकर जांच के लिये भेज दिये हैं।
Updated on:
18 Sep 2018, 5:34 PM IST
Published on:
18 Sep 2018, 5:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.