
शिवपुरी. शिवपुरी शहर के फिजीकल क्षेत्र में दोपहर के वक्त उस समय हड़कंप मच गया जब एक सांप एक स्कूटी में घुस गया। सांप के स्कूटी में घुसने की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तो वहीं स्कूटी सवार की सांसें अटक गईं। हालांकि कुछ देर की मशक्कत के बाद स्थानीय युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को स्कूटी से बाहर निकालकर सुरक्षित पकड़ लिया और फिर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। सांप के पकड़ने जाने के बाद स्कूटी सवार ने राहत की सांस ली।
स्कूटी की डिग्गी में घुसा उड़ने वाला सांप
घटना फिजीकल क्षेत्र की मूर्ति वाली गली की है जहां दोपहर 12 बजे एक उड़ने वाला सर्प कहीं से फिजिकल रोड मूर्ति वाली गली की रोड पर आ गया। सांप को पकड़ने की कुछ युवाओं ने कोशिश की, लेकिन सर्प उचटकर ओम मेडिकल स्टोर संचालक की स्कूटी में घुस गया। इस बीच कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाई और स्कूटी की सीट उठाकर सांप को बाहर निकाला और उसे डिब्बे में रखकर जंगल में छोड़ दिया।
बरसात के मौसम में बरतनी चाहिए सावधानी
सांप के स्कूटी में घुसने के कारण स्कूटी मालिक मेडीकल स्टोर संचालक दहशत में आ गया। करीब एक घंटे तक सर्प को वाहन में से निकालने के प्रयास किए गए, तब बमुश्किल उसे बाहर निकाला। महत्वपूर्ण बात यह है कि इन दिनों सांप निकलकर घरों में घुस रहे हैं, इसलिए स्कूटी जैसे वाहनों और घर के बाहर रखे जूते मूजों के साथ ही कोई भी दूसरा सामान उठाते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए और पहले अच्छे से देख लेना चाहिए ताकि कोई अनहोनी न हो जाए।
Published on:
31 Jul 2022, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.