
khatu suicde news
खाटूश्यामजी. आभावास गांव में एक निजी स्कूल में पढऩे वाले बारहवीं कक्षा के छात्र ने शुक्रवार सुबह प्रार्थना के बाद छुट्टी लेने के बाद घर जाकर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक आभावास के वार्ड 1 में रहने वाले दीपचंद रैगर पुत्र मंगलचंद उम्र 18 वर्ष स्कूल से प्रार्थना के बाद पेट दर्द और दस्त की बात कह कर छुट्टी लेकर घर आ गया था। सुबह से खेत में गए हुए दीपचंद के मां-बाप दोपहर दो बजे करीब घर लौटे तो देखा घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला।
दीवार फांदकर घर के अंदर गए तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजन दीपचंद को खाटूश्यामजी सीएचसी लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने घटना की जानकारी रींगस पुलिस को दी।
मंजूरी मिली तो आयुष नर्सेज भी बन सकेंगे डिप्टी डायरेक्टर
खंडेला. अगर सब कुछ सही रहा और सरकार ने मंजूरी दी तो अपने संपूर्ण कार्यकाल में पदोन्नति के लिए तरस रहे प्रदेश के आयुष नर्सेज के लिए आने वाला समय खुश खबरी वाला होगा। सरकार जल्द नर्सेज को कैडर रिव्यू का तोहफा दे सकती है। अखिल राजस्थान राज्य आयुष नर्सेज महासंघ द्वारा उठाए गए नर्सेज कैडर रिव्यू के प्रस्तावों को सरकार मंजूरी प्रदान करती है तो पदोन्नति के बाद आयुष नर्सेज भी डिप्टी डायरेक्टर (नर्सिग) तक बन सकते है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष छीतर मल सैनी ने बताया कि आयुर्वेद, होम्योपैथी व यूनानी चिकित्सा विभाग में नर्सेज एक नर्स/ कम्पाउंडर्स के पद पर अपनी ड्यूटी ज्वाइन करते थे और संपूर्ण सेवाकाल पूर्ण कर उसी पद से बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो जाते थे। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से निदेशालय स्तर पर उपनिदेशक का एक पद, सम्भागीय स्तर पर सहायक निदेशक के सात पद, सहायक प्रभारी रसायन शाला के 15 पद, जिला मुख्य नर्सिग अधीक्षक के 33 पद, नर्सिग अधीक्षक ग्रेड-1 के 90 पद, नर्सिग अधीक्षक ग्रेड-2 के 458 पद , नर्सिग ऑफिसर के 1450 पदों पर पदोन्नति होगी।
Published on:
24 Aug 2018 06:27 pm
