
283 गांवों व 3 कस्बों की जनता को मीठे पानी की आस
फतेहपुर. फतेहपुर व लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के 283 गांव व तीन कस्बों की जनता की पहुंच से मीठा पानी दूर होता जा रहा है। जो प्रोजेक्ट मई 2016 में ही पूरा हो जाना चाहिए था वह धीमी गति व खराब मॉनीटरिंग के कारण जून 2018 तक भी पूरा नहीं हो पाया है। जिस तरह से कार्यवधि बढ़ाई जा रही है उससे यह भी तय नहीं है कि आखिर जनता को मीठा पानी कब नसीब होगा।
तीन माह पहले ही विधानसभा में मुख्यमंत्री से लेकर जलदाय मंत्री 30 जून तक प्रोजेक्ट पूरा करने का दावा कर चुके हैं, उसके बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ तो कंपनी के लिए कार्यवधि 3 माह और बढ़ा दी। जानकारी के अनुसार फतेहपुर व लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में फ्लोराइड पानी होने के कारण पिछली कांग्रेस सरकार ने 2012 में 832 करोड़ रुपए की फतेहपुर लक्ष्मणगढ़ वृहद पेयजल परियोजना को मंजूरी दी। 24 अगस्त 2012 को 832 करोड़ रुपएकी स्वीकृति भी जारी कर दी।
इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लक्ष्मणगढ़ में इसका शिलान्यास किया। प्रोजेक्ट छह पैकेज में पूरा होना था, अंतिम पैकेज को पूर्ण करने की तिथि 24 मई 2016 थी, दो साल का वक्त ऊपर बीत जाने के बाद भी प्रोजेक्ट अधूरा है।
विधानसभा में बताए थे देरी के कारण
फतेहपुर लक्ष्मणगढ़ वृहद पेयजल परियोजना का कार्य समय पर पूरा नहीं होने के संबंध में विधायक नन्द किशोर महरिया ने स्थगन लगाया था। महरिया के स्थगन प्रस्ताव पर जवाब देते हुए जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल ने बताया था कि कंपनी की ओर से कार्य धीमी गति से किया गया। कई जगह जमीन नहीं मिलने, अतिक्रमण होने के कारण प्रोजेक्ट में देरी हुई है। उन्होंने कहा था कि 86 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। 30 जून तक कार्य पूर्ण करवा देंगे। तीस जून के बाद अधिकारियों ने कंपनी की फिर समय सीमा बढ़ा दी।
फिल्टर प्लांट का निर्माण अधूरा
प्रोजेक्ट के तहत सरदारशहर के धन्नासर गांव में बड़ा फिल्टर प्लांट बनना है। यह प्लांट एक दिन में 15 करोड़ 60 लीटर पानी फिल्टर करेगा। फिल्टर होने के पश्चात उक्त पानी आपणी योजना व फतेहपुर लक्ष्मणगढ़ मीठे पानी योजना से जुड़े गांवों में पहुंचाया जाएगा। प्रोजेक्ट के अनुसार अभी सरदारशहर से धन्नासर गांव के बीच एक किमी पाइन लाइन भी बिछानी बकाया है।
अधिकारियों को उम्मीद है कि उक्त फिल्टर प्लांट का कार्य सितंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद एक बार आधा प्लांट को चालू करके पानी पहुंचाया जाएगा। पानी के लिए फतेहपुर व लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के गांवों में व कस्बों में लाइन बिछा दी। सरदारशहर से फतेहपुर तक भी लाइन आ गई। लाइन का हाईड्रोलिक टेस्ट भी हो गया। अब पानी आने के बाद कमिश्नरिंग होगी। उसके बाद परियोजना चालू हो पाएगी।
इनका कहना है...
विधानसभा में मंत्री ने 30 जून तक कार्य पूरा होने की बात कही थी, धन्नासर गांव के पास पानी को फिल्टर करने के लिए प्लांट लग रहा है, कंपनी के लिए कार्य पूरा करने की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ाई है। उम्मीद है कि अक्टूबर में मीठा पानी लोगों के घरों में पहुंच जाएगा।
-एके जैन, एडीशनल चीफ इंजीनियर, फतेहपुर लक्ष्मणगढ़ वृहद पेयजल परियोजना
Published on:
06 Jul 2018 07:03 pm
