
बच्चों की छुट्टी, शिक्षकों की क्लास
आवासीय प्रशिक्षण शिविर : शिक्षक संगठन उतरे विरोध में
सीकर. सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में भले ही 25 दिसंबर से बच्चों की शीतकालीन छुट्टियां हो जाएगी। लेकिन, शिक्षकों की क्लासेज लगातार जारी रहेगी। क्योंकि शिक्षा विभाग के शीतकालीन प्रशिक्षण शिविर 25 दिसंबर से ही शुरू हो रहे है। इन प्रशिक्षण शिविरों को लेकर शिक्षकों ने आपत्ति दर्ज कराई है। शुक्रवार को राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) ने बीकानेर निदेशक को ज्ञापन भेजा है। इसमें उन्होंने प्रशिक्षण ग्रीष्मकालीन अवकाश में गैर आवासीय गृह जिले में करने की मांग की है।
बोर्ड कक्षाओं का पाठ्यक्रम अधूरा
जिले की अधिकांश स्कूलों में विधानसभा चुनाव के चलते बोर्ड कक्षाओं का कोर्स अधूरा चल है। इन छुट्टियों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर कुछ शिक्षक कोर्स पूरा करना चाहते थे। लेकिन प्रशिक्षण के चलते यह भी नहीं हो पाएगा। कुछ शिक्षकों का यह भी कहना है कि सर्दी के मौसम में आवासीय शिविर दूसरे जिलों में लगाने का क्या औचित्य है। सवाल यह भी है कि माइनस जीरो डिग्री पारें में आवासीय शिविर की व्यवस्थाएं किस तरह से हो पाएगी।
गैर आवासीय प्रशिक्षण कराने की मांग
प्रशिक्षण शिविर पुराने शिड्यूल से ही तय हैं। शिक्षकों की मांग है कि प्रशिक्षण को आवासीय करने के आदेश पुरानी सरकार के थे। अब सरकार बदल चुकी है, तो शिक्षकों की इस मांग पर गौर करना चाहिए। प्रशिक्षण को गैर आवासीय बनाने की मांग उठी है। असल में जिला मुख्यालय पर शीतकालीन अवकाश के दौरान 25 दिसंबर से अलग-अलग चार प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण शिविर दस दिवसीय होंगे, जो प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित किए जाएंगे।
नई भर्ती में शामिल शिक्षकों को समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रशिक्षण मिलेगा।
इन शिक्षकों के होंगे शिविर
समसा के एडीपीसी रोहिताश गोदारा ने बताया कि शीतकालीन शिविर में शिक्षकों के 10 दिवसीय चार प्रशिक्षण होंगे। इसमें 25 दिसंबर से 3 जनवरी तक कक्षा एक से 6 तक पढ़ाने वाले लेवल प्रथम के नवनियुक्त ४८ शिक्षक प्रशिक्षण लेंगे। यह वह शिक्षक हैं, जिनकी नियुक्ति मार्च 2017 के बाद हुई है। इसके अलावा कक्षा 6 से 8 वीं तक गणित, विज्ञान व अंग्रेजी पढ़ाने वाले लेवल सैकंड के नवनियुक्त २०६ शिक्षकों का प्रशिक्षण 4 जनवरी से 13 जनवरी तक होगा, जिनकी नियुक्ति मार्च 2017 के बाद हुई है। अंत में अंग्रेजी, गणित व सामाजिक विज्ञान के कुल ९८१ वरिष्ठ अध्यापकों का प्रशिक्षण 26 दिसंबर से 4 जनवरी तक आयोजित होगा। इसके लिए हर ब्लॉक से ११० वरिष्ठ शिक्षकों लक्ष्य दिया गया हैं।
इनका कहना है कि
&प्रशिक्षण ग्रीष्मकालीन अवकाश में गैर आवासीय गृह जिले में होने चाहिए। शीत कालीन अवकाश में शिक्षक अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था कर बोर्ड का पाठ्यक्रम पूर्ण करवाएंगे। इसलिए सरकार को विद्यार्थियों के हित में तत्काल निर्णय लेना होगा।
उपेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री, राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत)
&आवासीय शिविर के संबद्ध में किसी भी शिक्षक की आपत्ति प्राप्त नहीं हुई है। अगर एेसा होता है, तो उच्च अधिकारियों के समक्ष बात रखी जाएगी। शिविर के संबद्ध में प्रदेश स्तर पर सभी जिलों की एक जैसे आदेश है। इसमें फेरबदल का निर्णय निर्देशालय स्तर से होगा।
मुकेश मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), सीकर
Published on:
24 Dec 2018 06:00 pm
