
आखिर धरा गया शातिर
एटीएम राशि का मामला
सीकर. बैंक का पैसा एटीएम में नहीं डाल सट्टे पर दावं लगाने वाले आरोपित को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसके साथ उस शख्स को भी गिरफ्तार किया है। उसके पास आरोपित इस राशि से सट्टा खेलने जाया करता था। हालांकि प्रकरण में दो नामजद आरोपित गणेश और मूलचंद और हैं। उनके खिलाफ कंपनी प्रतिनिधि ने सुनील सहित ४.१९ करोड़ रुपए की हेराफेरी के आरोप लगाए थे।
कोतवाल वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि गबन के मामले में कंपनी से जुडे़ सुनील व इसके अलावा विक्की को गिरफ्तार किया गया है। इनसे गबन की राशि और सट्टे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। सूचना के तहत एटीएम में पैसे डालने का काम करने वाला सुनील विक्की के साथ मिलकर सट्टा खेला करता था। गबन की बड़ी राशि सुनील ने इसी के पास खपाई बताई। हालांकि विक्की के अलावा हाउसिंग बोर्ड के एक बुकी का नाम पुलिस के सामने आ रहा है। उसके पास सुनील ने एटीएम की राशि दावं पर लगाई थी लेकिन, थाने में मामला दर्ज होने के बाद से यह बुकीबाज फरार बताया जा रहा है। इधर, सूत्रों का कहना है कि इन दोनों के अलावा और भी सट्टे से जुडे़ लोग हैं। उनके पास सुनील सट्टे पर खाइवाली करता था। सुनील के कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस इन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह था मामला
सांगानेर जयपुर निवासी व लोजी कैश सोल्यूशन कंपनी के ऑडिट ऑफिसर सौरभ सिंह ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें उसने कंपनी में काम करने वाले सुनील और उसके जीजा गणेश तथा मूलचंद ने २१ एटीएम में चार करोड़ १९ लाख रुपए का कैश कम पाया गया था।
Published on:
27 Nov 2018 05:44 pm
