
जानिए क्या हुआ जब सीकर के बैंक में दिन दहाड़े घुस गए हथियारबंद लुटेरे
सीकर. जिले के खंडेला तहसील के गांव कोटड़ी लुहारवास में स्थित यश बैंक में आज तीन हथियारबंद लुटेरों ने बैंक लूटने की कोशिश की। हथियारबंद तीनों लुटेरे नकाबपोश थे। जिन्होंने बैंक में घुसने के बाद बैंक स्टाफ को घुटनों के बल नीचे बिठा दिया और उनसे मारपीट कर लॉकर की चाबी मांगी। केशियर से चाबी लेकर उन्होंने लॉकर खोलने की कोशिश की। लेकिन, ब्रांच मैनेजर की दूसरी चाबी नहीं मिलने पर वह उसे खोल नहीं पाए। जिस पर लुटेरों ने उसे तोडऩे की कोशिश भी की। लेकिन, हर कोशिश नाकाम होने पर वह वहां मौजूद तीन कर्मचारियों और एक ग्राहक की जेब में रखे रुपए, मोबाइल और एटीएम कार्ड ही लूट कर फरार हो गए। सुचना मिलने पर खंडेला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाधिकारी रामकिशोर ने बताया कि बैंक में मौजूद चारों लोगों से लुटेरों ने एटीएम के पासवर्ड भी पूछे थे। लेकिन, चारों ने समझदारी से काम लेते हुए उन्हें गलत नम्बर बता दिए। जिससे उनके बैंक रुपए भी सुरक्षित हो गए। इसके बाद लुटेरे चारों को टॉयलेट में बंद कर गए। जहां से ही उन्होंने कोटडी बस स्टैंड निवासियों को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने मौके पर पहुंचकर टॉयलेट में बंद चारों लागों को बाहर निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर एएसपी दिनेश अग्रवाल और सीईओ नीमकाथाना प्रभाती लाल घटनास्थल पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें तीनों लुटेरे कैद मिले। पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Published on:
27 Dec 2018 07:07 pm
