
कोहरे की ओट में शहर में ही लुट गया कार सवार
सीकर. जयपुर रोड पर रात करीब आठ बजे एक दुकानदार की कार को रूकवा कर बाइक सवार लुटरे रुपयों से भरा बैग उड़ा ले गए। सर्किट हाउस के पास हुई वारदात में बैग में 55600 रुपए नकद व हजारों रुपए के चेक बताए जा रहे हैं। इधर, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़त को लेकर रातभर अज्ञात बाइक सवारों को खोजती रही। लेकिन, उनका कहीं पता नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार जयपुर रोड पर रहने वाला बाबूलाल झुंझुनूं से कार लेकर अपने यहां घर आ रहा था। लेकिन, घर पहुंचने से पहले ही पेट्रोल पंप के पास मुख्य सडक़ पर उसे लूट लिया गया। पीडि़त के पिता हंसनारायण का कहना था कि वे सिंघाना, झुंझुनूं के रहने वाले हैं और यहां पार्टस की दुकान कर रखी है। जयपुर रोड पर ही उनके मकान हैं। बाबूलाल जब सडक़ से गुजर रहा था तो बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसकी कार के आगे बाइक लगा दी और उसको सडक़ पर रूकवा लिया था। उसके लडक़े ने सोचा कोई जानकार होंगे और उसने कार रोक ली। इसके बाद उन्होंने कार का शीशा नीचा करने का इशारा किया तो बाबूलाल ने कार का शीशा नीचे उतार लिया। इसके बाद इन्होंने बाबूलाल को धमकाया और कार से नीचे उतरने की बात कही और चाबी छीन ली। संभावना जताई जा रही है कि लूटेरे कार को लूटने ही आए थे। लेकिन, इसके बाद जब सीट व टूल की जगह रखे बेग को खोलकर देखा तो उसमें रखी नकदी तथा भरे हुए चेक देखकर वे लोग बेग उठाकर पार हो गए।
कार कर ली थी स्टार्ट
पीडि़त बाबूलाल के अनुसार तीनों बाइक सवारों ने कार की चाबी छीन ली और उनमें से एक चालक सीट पर बैठ गया। दूसरा कार में उसके बगल में बैठ गया था। जबकि तीसरा बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। हालांकि कार स्टार्ट कर वे लोग निकलने ही वाले थे कि बेग देखकर उनका मन डोल गया और नकदी लेकर वे लोग बाइक पर चले गए। हालांकि छीना झपट्टी में कार की चाबी वे ले गए परंतु, छल्ला बाबूलाल के हाथ में रह गया था।
कोहरे में पार हो गए आरोपित
हालांकि आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार खड़े दिखाई दे रहे हैं। लेकिन, चेहरा साफ नहीं आने पर उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो रही है। इधर, घटना के बाद पीडि़त बाबूलाल को लेकर पुलिस बाइक सवारों की निशानदेही पर घूमती रही। लेकिन, कोहरे का फायदा उठाकर बाइक सवार फरार हो गए।
Published on:
23 Dec 2018 12:14 pm
