
सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी मिलेगा ‘हाईटेक’ का ज्ञान
सीकर. जिले सहित प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पढने वाले विद्यार्थी भी अब निजी की तर्ज पर जल्द ही कम्प्यूटर चलाते नजर आएंगे। कम्प्यूटर की पढ़ाई के लिए उन्हें अब बडी क्लास या कॉलेज जाने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पिछले वर्ष शुरू की गई क्लिक योजना में इस बार सरकार ने संशोधन किया है। राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरकेसीए) के माध्यम से बच्चों को कम्प्यूटर शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। डिजीटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए यह योजना शुरू की गई है। योजना के तहत कक्षा 6 से 10 तक कम से कम 100 बच्चों का नामांकन जरूरी है। कक्षा 6 से 8 तक 80 रुपए तथा 9 से 10 तक के विद्यार्थियों को 110 रुपए प्रति माह देना होगा। सीकर में यह योजना उसी स्कूल में शुरू होगी, जहां कम्प्यूटर लैब है। जहां कम्प्यूटर लैब नहीं है, वहां लैब बनवाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताएंगे लाभ
सत्र 2018-19 में प्रवेशोत्सव के दौरान क्लिक योजना के संबंध में पीटीए, पीटीएम में अभिभावकों और विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से होने वाले लाभ के बारे में बताकर विद्यालयों को रजिस्ट्रेशन के लिए निर्देश दिए गए हैं। योजना में पंजीकृत विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम पूरा करने तथा पूरा शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थियों को आरकेसीएल की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन 30 सितंबर तक करवाया जा सकेगा। राजकीय माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूलों में यह क्लिक योजना शुरू होगी। इनमें आईसीटी, भामाशाह, सांसद एवं विधायक क्षेत्रीय विकास योजना या विद्यालय विकास कोष के माध्यम से उपलब्ध कम्प्यूटर व संसाधनों से लैब स्थापित होगी।
इन स्कूलों में योजना
सत्र 2018-19 में क्लिक योजना सभी आइसीटी लैब युक्त विद्यालयों में शुरू की जानी है। इसके लिए निकटवर्ती आरकेसीएल से शीघ्र एमओयू किया जाएगा। आरकेसीएल से अधिकृत आइटीजीके व विद्यालय एसडीएमसी के बीच एमओयू कर योजना संचालित की गई थी। सीकर जिले में पिछले वर्ष ३४ विद्यालयों के साथ एमओयू किया गया है।
फीस तो निर्धारित कर दी गई है, लेकिन हमारा प्रयास है कि यह न्यूनतम फीस भी बच्चों से नहीं वसूली जा सके। इस फीस की व्यवस्था एसएमसी या एसडीएमसी के माध्यम से करवाने का प्रयास किया जा रहा है। क्लिक योजना से बच्चों का कम्प्यूटर
ज्ञान बढ़ेगा।
पवन कुमार, एडीइआे सीकर, माध्यमिक
प्रधानमंत्री के डिजीटल इंडिया के तहत बच्चों को कम्प्यूटर सिखाने के लिए क्लिक योजना शुरू की गई है। इस बार कुछ संशोधन किए गए हैं। बच्चों को मामूली राशि में कम्प्यूटर सिखाया जाएगा। इससे बच्चों को फायदा होगा। सीकर में ३४ विद्यालयों के साथ एमओयू कर दिया गया है।
रोहिताश गोदारा, एडीपीसी रमसा,सीकर
Published on:
15 Jul 2018 12:04 pm
