
कॉलेज प्रशासक हिरासत में, 28 घंटे बाद शव पोस्टमार्टम
दिनभर चला विरोध प्रदर्शन
सीकर. एक्सीलेंस शिक्षण संस्थान में छात्रा की चौथी मंजिल से गिरने से मौत के मामले में दिनभर विरोध-प्रदर्शन के बाद शुक्रवार शाम 28 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम हो सका। परिजनों की मांग पर पुलिस ने एक्सीलेंस स्कूल के प्रशासक जावेद जाटू को हिरासत में लिया है। इसके बाद ही परिजन शव लेने के तैयार हुए। वहीं छात्रा के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। परिजनों ने बयानों में जावेद जाटू पर छात्रा को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है।
मुर्दाघर के बाद धरने पर बैठे रहे परिजन
बजाज रोड क्षेत्र की निवासी 12वीं कक्षा की दीक्षा माथुर की मौत के मामले में परिजनों के साथ सैकड़ों लोग सुबह मुर्दाघर के बाहर एकत्र हो गए। सुबह नौ बजे परिजनों ने मुर्दाघर के बाहर धरना शुरू कर दिया, लेकिन दोपहर तक प्रशासन का कोई अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा। दोपहर बाद पुलिस उप अधीक्षक शहर गिरधारीलाल शर्मा, शहर कोतवाल वीरेन्द्र शर्मा ने वार्ता शुरू की। करीब छह दौर की वार्ता के बाद शाम पांच बजे अधिकारियों ने जावेद जाटू को हिरासत में लेने की जानकारी दी। साथ ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए।
Published on:
28 Dec 2018 09:35 pm
