
Fraud: न कार्ड दिया न ही ओटीपी डिटेल फिर भी खाते से निकल गए लाखों, ठगों की नई तकनीक से एक्सपर्ट भी हैरान
फतेहपुर.
साइबर क्राइम करने वाले अपराधी नई नई तकनीक विकसित कर अपराध को अंजाम दे रहे है। बिना एटीएम कार्ड व ओटीपी के एक व्यक्ति के खाते से सवा लाख रुपए निकाल लिए गए। पैसे निकल जाने और दूसरे खाते में ट्रांसफर हो जाने के बाद ग्राहक को घटना की जानकारी लगी। इसके बाद पीडि़त ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार कस्बे के पुरूषोतम का एक्सिस बैंक में चालू खाता है। उक्त खाते का एटीएम उनके पास है। सात दिन पहले ही उस खाते का एटीएम एक्टिवेट कर खुद पुरूषोतम ने ही पैसे निकाले थे। इसके बाद से एटीएम कार्ड भी उनके पास है और उन्होंने किसी को कोई जानकारी भी नहीं दी। शुक्रवार रात को 11.30 बजे पुरुषोत्तम के मोबाइल पर मिनी स्टेटमेंट जारी होने का मैसेज आया। इसके बाद पहले किसी खाते में 500 रुपए ट्रांसफर किए, उसके बाद 49500 किसी दिल्ली के किसी खाते में ट्रांसफर किए। फिर दिल्ली के किसी एटीएम से 75 हजार रुपये निकाल लिए। इसी दौरान पीडि़त की फोन पर नजर पड़ गई। इससे पता चला कि उनके खाते से सवा लाख रुपये निकल गए। इस पर उन्होंने कस्टमर केयर पर फोन करके कार्ड ब्लॉक करवा दिया। ऐसे में बड़ी राशि नहीं निकाली जा सकी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रात को ही देते हैं वारदात को अंजाम
कोतवाल राजेन्द्र यादव ने बताया कि इस तरह के अपराध करने वाले व्यक्ति अक्सर रात को ही वारदात को अंजाम देते हैं। रात को साढ़े ग्यारह से साढ़े बारह बजे के बीच वारदात को अंजाम देते हैं। इससे दो दिन की लिमिट के जितने पैसे निकाल लेते हैं। उन्होंने कहा कि एटीएम का प्रयोग में सावधानी बरतनी चाहिए।
ये बरतें सावधानी
एक्सिस बैंक का एक्सिस मोबाइल और एसबीआई का एसबीआई क्विक नाम से प्ले स्टोर में एप उपलब्ध है। एटीएम कार्ड को इस एप से नियंत्रित किया जा सकता है। जब उपभोक्ता को एटीएम से रुपए निकालने हो तो इसे एप के जरिये एक्टिवेट कर लें और बाद में उसे डीएक्टिवेट कर दें। इससे कोई भी उपभोक्ता के खाते में एटीएम से सेंध नहीं लगा पाएगा।
Updated on:
20 Jan 2019 12:04 pm
Published on:
20 Jan 2019 12:04 pm
