
ससुराल गए युवक का जब घर लौटा शव तो मच गया कोहराम, एक बेटा व दो बेटी के सिर से उठा पिता का साया
नीमकाथाना.
इलाके के बाघोली- जोधपुरा सडक़ मार्ग पर शुक्रवार रात सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर घायल हो गया। उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार बाघोली निवासी श्यामलाल बलाई ससुराल सेफरागुवार से गांव आ रहा था। उसके साथ बाइक पर दोस्त मुकेश भी था। रास्ते में सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को राजकीय कपिल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों घायलों को जयपुर रेफर कर दिया। घायल श्यामलाल ने देर रात जयपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। श्यामलाल हरियाणा के कालानेरा में ईट भट्टे पर मजदूरी का काम करता था। वह होली पर गांव आया था। ससुराल में मिलने के बाद वह वापस हरियाणा जाने की तैयारी में था। इससे पहले ही हादसा हो गया। श्यामलाल का शव जैसे ही बाघोली पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। मृतक के एक बेटा व दो बेटी है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी।
Updated on:
24 Mar 2019 06:46 pm
Published on:
24 Mar 2019 11:46 am
