
37/5000 pratiniyukti ke aadesh par maane graameen Rural considered at the behest of deputation
प्रतिनियुक्ति के आदेश पर माने ग्रामीण
सीकर. राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय पलथाना के वरिष्ठ शिक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा के तबादले के विरोध में ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने शुक्रवार सुबह स्कूल के मुख्य द्वार के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
करीब चार घंटे चले प्रदर्शन के बीच अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार शर्मा पहुंचे। अभिभावकों ने शिक्षक का तबादला आदेश वापस लेने की मांग की।
ग्रामवासियों के आक्रोश तथा मांगों को देखते हुए एडीईओ ने शिक्षक की इसी विद्यालय में प्रतिनियुक्ति करने के आदेश कर दिए। ग्रामवासियों के साथ सरपंच मंजू देवी ने निदेशक के नाम जिला शिक्षा अधिकारी को सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन दिया। जिसमें उक्त तबादला आदेश निरस्त नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
उसके बाद ग्रामवासियों की मांगों के चलते राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय खूड़ी बड़ी में संस्कृत विषय के वरिष्ठ शिक्षक उपेंद्र शर्मा को शिक्षण व्यवस्थार्थ राउमावि पलथाना में आगामी आदेश तक प्रतिनियुक्ति के आदेश किए गए। इसके बाद करीब साढ़े ग्यारह बजे मामला शांत हो गया।
छात्रों ने मांगी टीसी
छात्र-छात्राओं ने अभिभावकों की सहमति से १८० प्रार्थना पत्र एडीईओ को सौंपकर कहा कि वरिष्ठ शिक्षक इस विद्यालय में नहीं रहेंगे, हमें अपनी टीसी दिलवा दो। साथ ही भामाशाह गिरवर सिंह शेखावत ने भी साफ शब्दों में यह कह दिया कि स्कूल में शिक्षक के रहने पर ही हॉल का निर्माण करवाऊंगा।
स्कूल में बढ़ा नामांकन
ग्रामीणों ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व विद्यालय का नामांकन दो अंको में था। जो अब बढ़कर तीन सौ के पार है। भामाशाह के सहयोग से विद्यालय में 27 लाख रुपए के कार्य हो चुके है। हाल ही में गांव के भामाशाह गिरवर सिंह शेखावत ने विद्यालय को एक स्कूल बस दी। तीन दिन पहले ही शेखावत ने स्कूल में एक बड़ा हॉल बनाने की घोषणा की है। स्कूल में झूले, प्रोजेक्टर से अध्यापन, स्पोकन इंग्लिश की कक्षाएं व कम्प्यूटर प्रशिक्षण सहित अनेक नवाचार किए जा रहे हैं।
Updated on:
11 Aug 2018 12:15 pm
Published on:
11 Aug 2018 12:15 pm
