
इओ के बिगड़े बोल काम तो ऐसे ही होगा, जो करना है कर लो
नवलगढ़ पुलिया के पास नाली व क्रॉसिंग निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग का मामला
फतेहपुर. नवलगढ़ पुलिया के पास बन रही नाली व क्रॉस निर्माण में घटिया सामग्री काम में लेने का लोगों आरोप लगाया है। आरोप लगने के बाद जांच के आदेश देने की बजाएं इओ शिकायतकर्ताओं से ही उलझ गए। इओ ने कहा कि काम ऐसे ही होगा आपको जो करना है वो कर लो, इस पर मौहल्लेवासी आक्रोशित हो गए। इओ मौके से निकल गए।
जानकारी के अनुसार नवलगढ़ पुलिया के नीचे लगातार पानी भराव होता है। इसके लिए पालिका नाली निर्माण करवा रहा है। निर्माण कार्य पिछले कई दिनों से चल रहा है, लेकिन नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी के ढीले रवैये के चलते कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ। नवलगढ़ जाने का मुख्य रास्ता होने के बाद भी पालिका के अधिकारियों की ओर से कार्य के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इससे मौहल्ले के लोग भी खासे परेशान हैं। वार्डवासी विनोद कुमार पंवार ने बताया कि नाली निर्माण में ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था, इस संबंध में 28 दिसंबर को ही इओ को लिखित में शिकायत दर्ज करवा दी। शिकायत के बाद अभी तक ना ही निर्माण सामग्री संबंधित कोई जांच की गई व ना ही मौहल्लेवासियों को जानकारी दी गई। सोमवार को इओ नवनीत कुमावत मौके पर गए इस दौरान मौहल्ले के लोगों ने कहा कि निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग में ली गई है, इस पर ईओ ने मौहल्ले के लोगों से कहा कि आप चाहो वैसे नहीं हो इसलिए आप शिकायत करते हो, आपको जो करना है वो कर लो काम ऐसे ही होगा। इसके बाद नवनीत कुमार मौके से रवाना हो गए। लोगों का कहना है कि अधिकारी के ऐसे रवैये से कैसे उम्मीद कर सकते है कि कार्य सही होगा। पालिका के द्वारा नवलगढ़ पुलिया के पास एक नाली क्रॉसिंग बनाया गया है। क्रॉसिंग पर से दिनभर वाहनों का आना जाना लगा हुआ है। क्रॉसिंग बने अभी तक पन्द्रह दिन भी नहीं हुए कि क्रॉसिंग कई जगह से उखड़ गया है। ऐसे में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। लेकिन विभाग व ठेकेदार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वाहनों का आवागमन लगातार रहने से क्रॉसिंग टूट जाने का अंदेशा बना हुआ है।
दर्जनों गांवों का है रास्ता, लोग परेशान
नवलगढ़ पुलिया के नीचे से दो दर्जन से अधिक गांवों का रास्ता जाता है, उक्त गांवों में जाने का यही एक मात्र रास्ता है, इसके चलते दिनभर वाहनों की रेलमपेल लगी रहती है। नाली निर्माण के चलते रास्ता पूरी तरह खराब हो रहा है। ऐसे में आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य रास्ता होने के बाद भी नगर पालिका की ओर से कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रहा है।
नाली निर्माण के दौरान घरों से आ रहे पानी के लिए पालिका की ओर से अस्थाई नाला खोदा गया है। उक्त नाला खुला पड़ा है। पास में ही हरिजन बस्ती है, ऐसे में दिनभर हादसे का डर बना रहता है। इसके अलावा पालिका की ओर से डैम बनाया जा रहा है वो भी
खुला पड़ा है।
Published on:
08 Jan 2019 05:36 pm
