
सीकर. सीकर के कांग्रेसी नेता गुजरात चुनाव के जरिए आगामी विधानसभा चुनावों की रिहर्सल में जुटे हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत, लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री सुभाष महरिया, परसराम मोरदिया, राजेन्द्र पारीक, महादेव सिंह खंडेला व नगर परिषद सभापति जीवण खां पिछले एक सप्ताह से गुजरात दौरे पर है। शेखावाटी के इन नेताओं को चार-चार विधानसभा क्षेत्रों का जिम्मा मिला हुआ है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह अहमदाबाद की सभी विधानसभा क्षेत्रों की कमान संभाले हुए है। वहीं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पारीक सूरत में विधानसभा क्षेत्रों के जिम्मे के साथ स्पेशल टीम के जरिए मतदाताओं की नब्ज टटोल रहे है। अन्य कांग्रेसी नेताओं को भी विधानसभा क्षेत्रों के अलावा चुनाव की बड़ी जिम्मेदारी मिली हुई है।
राजस्थानी प्रवासियों के सम्मेलन
शेखावाटी के कांग्रेसी नेताओं को विधानसभाओं के अलावा राजस्थान के प्रवासियों से सम्पर्क का जिम्मा मिला हुआ है। पूर्व मंत्री राजेन्द्र पारीक ने बताया कि उनके पास सूरत क्षेत्र का जिम्मा है। जहां भी संगठन को लगता है उस दिन किसी भी विधानसभा क्षेत्र में स्पेशल टीम के साथ जाते है। उनका कहना है कि अब तक राजस्थान के सभी समाजों के प्रवासियों के सम्मेलन कर लिए है।
राजस्थान चुनाव का भी तैयार हो रहा है रोडमैप
कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेताओं ने भी इन दिनों में गुजरात में डेरा डाला हुआ है। यहां राजस्थान चुनाव को लेकर भी रोडमैप तैयार किया जा रहा है। वहीं कई नेता आलाकमान से पुराने रिश्तों को फिर से मजबूत करने में लगे हुए है। गुजरात चुनाव परिणाम से शेखावाटी के भी कई नेताओं का परिणाम आएगा। मतदाताओं के फीडबैक के आधार पर कांग्रेस नेता सीकर में भी उन समस्याओं पर फोकस करते हुए काम करेंगे।
16 विधानसभा क्षेत्र संभाल रहे पूर्व विधानसभाध्यक्ष
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह को अहमदाबाद की 16 विधानसभा क्षेत्रों का जिम्मा है। उनका कहना है कि इस बार कांग्रेस का गुजरात में काफी अच्छा असर है। जीएसटी व नोटबंदी से लोग परेशान है। वहीं गुजरात सरकार ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे वह अब तक पूरे नहीं हुए। इस कारण लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी भी है।
यह बताए मुद्दे...
कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि गुजरात में जीएसटी व नोटबंदी के बाद व्यापारी खासे नाराज है। इस कारण भाजपा का बोट बैंक खिसका है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आरक्षण आंदोलन का भी गुजरात चुनाव में काफी असर देखने को मिल रहा है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस सिर्फ लोगों को भडक़ाने का काम कर रही है।
Updated on:
30 Nov 2017 01:35 pm
Published on:
30 Nov 2017 12:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
