
Weather Alert: राजस्थान में 24 घंटे में बारिश के साथ गिरेंगे ओले, 13 जिलों में अलर्ट जारी
राजस्थान में 24 घंटे में मौसम बदलने वाला है। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में अब तीन दिन तक झमाझम बारिश होगी। जिसका असर प्रदेश के 13 जिलों में रहेगा। इस संबंध में मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। केंद्र के अनुसार प्रदेश में 19 व 20 फरवरी को जयपुर, भरतपुर व बीकानेर तथा 21 फरवरी को जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग में मेघगर्जन व तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। इससे प्रदेश के तापमान में बढ़त होगी।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में सोमवार को झुंझुनूं, चूरू व हनुमानगढ़ में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की हवाओं व बारिश के साथ ओले गिरेंगे। इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि येलो अलर्ट के अनुसार पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, करौली, सीकर, बीकानेर, नागौर और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन के साथ बारिश होगी। इसी तरह मौसम केंद्र के ऑरेंज अलर्ट के अनुसार 20 फरवरी को अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं व चूरू में 30 से 40 किमी प्रति घंटे रफ्तार की हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि होगी। जबकि येलो अलर्ट के अनुसार दौसा, जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर व हनुमानगढ़ में मेघगर्जन के साथ कहीं कहीं बारिश होगी।
तापमान में होगी बढ़ोत्तरी
मौसम विभाग के अनुसार बारिश से प्रदेश में एकबारगी फिर तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने पर तापमान में कमी होगी।
Published on:
18 Feb 2024 11:30 am
