
honey trap in jhunjhunu
झुंझुनूं. राजस्थान में हनी ट्रेप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने हनी ट्रेप के जरिए कई लोगों से लाखों रुपए वसूल लिए। महिला ने अपने गिरोह में अन्य महिलाओं, पुरुषों व पुलिसकर्मियों को भी शामिल कर रखा था। यह गिरोह पहले लोगों अपने जाल में फंसाकर उनके अश्लील वीडियो बनाता और फिर उन्हें दुष्कर्म व छेड़छाड़ जैसे मामलों की धमकी देकर रुपए वसूल रहा था।
मामला राजस्थान के झुंझुनूं जिले का है। गिरोह की सरगना महिला के पकड़ में आने पर पूरा मामला परत दर परत खुल गया। हनीट्रेप वाले इस गिरोह की सरगना गीता देवी से पूछताछ में यह बात सामने आई है। गिरोह पूरी योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देता था।
वीडियो बनाने के बाद पैसा नहीं देने पर पुलिस बुलाने की धमकी दी जाती। सूचना पर पुलिस के असली जवान पहुंच कर व्यापारी से मारपीट कर भयभीत कर देते।
ऐसे में गिरोह के चंगुल में फंसा व्यक्ति पैसा देने के लिए तैयार हो जाता। हालांकि गीता देवी ने अभी तक पुलिस के जवानों के नाम नहीं बताए हैं। ऐसे में अभी यह तय नहीं हो पाया है कि ये जवान झुंझुनूं जिले के हैं या फिर बाहर के।
झुंझुनूं पुलिस ने सरगना गीता देवी और अन्य आरोपितों को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उन्हें दूसरे मामले मेें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लाएगी।
कोर्ट आने-जाने के दौरान श्रवण से पहचान
गीता का पति पल्लेदारी के लिए सुबह आठ बजे घर से निकलकर रात 12 बजे वापस लौटता था। कोर्ट आने जाने के दौरान उसकी कारी निवासी श्रवण से जान पहचान हो गई। अयूब उसका पहले से परिचित था। इसके बाद वीडियो बनाकर रुपए ठगने की योजना बनाई गई।
ऐश करने के लिए बनाया गिरोह
गिरोह की सरगना गीतादेवी का पति झुंझुनूं में अनाज की दुकान में पल्लेदारी का काम करता है। खुद निरक्षर है, लेकिन ऐशो आराम की चाहत में उसने इतना बड़ा गिरोह खड़ा कर दिया। 44 वर्षीय गीता देवी हनुमानगढ़ के रावतसर की रहने वाली है। वह निरक्षर है। उसकी शादी वर्ष 1990 में चूरू जिले के तारानगर स्थित भाडंग गांव में की गई थी। वह पति के साथ वर्ष 1991 से झुंझुनूं में रह रही है। पहले यह परिवार किराए के मकानों में रह रहा था। बाद में खुद का मकान बना लिया।
अब तक एक करोड़ से अधिक वसूलने का खुलासा
गिरोह से प्रताडि़त लोग लगातार पुलिस के सामने आ रहे हैं। पुलिस ने दो मामले दर्ज कर लिए हैं। दो परिवाद अभी जांच में हैं। इसके अलावा नवलगढ़ और चूरू में भी इस गिरोह के खिलाफ शिकायत मिली है। जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरोह ने अब तक एक करोड़ से अधिक रुपए ठग लिए हैं।
कई पीडि़तों ने पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत तो दी है, लेकिन लोकलाज के चलते वे मामला दर्ज करवाने से कतरा रहे हैं। लेकिन पुलिस आरोपितों से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
ऐसे फंसाती जाल में
गिरोह में कई महिला-पुरुष शामिल हैं। महिलाएं अपनी बातों से लोगों को जाल में फंसाती और फिर उनके अश£ील वीडियो बना लेती। वीडियो बनाने के बाद उक्त व्यक्ति से मोटी रकम की मांग की जाती। मना करने पर वीडियो के जरिए दुष्कर्म, छेड़छाड़ के मामले में फंसाने दी जाती।
इनका कहना है....
गिरोह से जुड़े आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। अब उन्हें दूसरे मामले में गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के जवानों के गिरोह से सम्पर्क की बात का पता करवाया जा रहा है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
गोपाल सिंह ढाका, शहर कोतवाल (झुंझुनूं)
Updated on:
17 Oct 2018 07:43 pm
Published on:
17 Oct 2018 07:43 pm
