
पुलिस की गिरफ्त में कैफे संचालक सहित तीन लोग। फोटो: पत्रिका
सीकर। पुलिस ने ऑपरेशन गोपनीय के तहत लोसल कस्बे के मुख्य बाजार में कैफे पर छापा मारकर कैफे संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कैफे के भीतर तलाशी ली तो छोटे-छोटे कैबिन बने हुए थे और वहां पर कुछ युवक-युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले।
मौके पर मौजूद कैफे संचालक लोसल के वार्ड छह निवासी अर्जुन कुमार से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने अर्जुन कुमार के साथ कैफे में मौजूद जीवराज सिंह निवासी छापरी और श्रीचंद निवासी बानूड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
लोसल थानाधिकारी सरदारमल ने बताया कि पुलिस ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रखा है। गुरुवार को हुई कार्रवाई में कैफ़े संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिली युवतियों को थाने लाया गया और परिजनों को सूचित कर पूछताछ के बाद युवतियों को परिजनों को सौंप दिया गया। इधर पुलिस की कार्रवाई के बाद कैफे संचालकों में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि लोसल कस्बे में करीब एक दर्जन से अधिक कैफे और होटल संचालित है। जहां आए दिन अवैध गतिविधियां होने की चर्चाएं होती रहती है। पिछले दिनों ही एक होटल में युवती से बलात्कार का मामला सामने आया था। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने होटलों पर दबिश देकर छापामार कार्रवाई की। कस्बेवासियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना तो की लेकिन उन्होंने सवाल भी उठाए। उनका कहना था कि उच्चाधिकारियों की ओर से अभियान चलाया जाता है तो ही इस तरह की कार्रवाई की जाती है।
Updated on:
10 Oct 2025 11:23 am
Published on:
10 Oct 2025 11:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
