बाबा श्याम की खाटू नगरी में एकादशी से पहले रविवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। अवकाश के दिन देशभर से लोग बाबा श्याम के दर्शनों के लिए मेले में पहुंचे। रींगस से खाटूश्यामजी तक का 17 किमी का पूरा मार्ग दिनभर पदयात्रियों से अटा रहा, जहां हाथ में निशान लेकर श्रद्धालु नाचते-गाते, दंडवत और पेटपलायन होते हुए बाबा के दरबार की तरफ बढ़ते रहे। जयपुर रोड पर भी रींगस और मंढा मोड़ पर दिनभर जाम लगा रहा। खाटूश्यामजी पहुंचने के बाद भी श्रद्धालुओं को दर्शनों में चार से पांच घंटे का समय लगा। रविवार को पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए।