
फिल्मी स्टाइल में चालक के कनपटी पर बंदूक तानकर चालक को लूटा
नीमकाथाना/ पचलंगी.
पिकअप गाड़ी को रूकवा कर उसके चालक से 45 हजार से अधिक की राशि लूट कर ले जाने का मामला सामने आया है। जिसमें आरोपियों ने चालक की कनपटी पर देशी कट्टा तान दिया था। इसके बाद आरोपी उसको सूने जंगलों की तरफ ले गए और उसके पास मौजूद नगदी छीनकर पार हो गए। जानकारी के तहत शनिवार रात को सीकर से नीमकाथाना की ओर आ रहे पीकअप चालक से लुटेरे देशी कट्टा दिखाकर 45 हजार 833 रुपए लूट ले गए। पीडि़त चालक ढ़ाणी पालवाली भगेगा निवासी पालाराम गुर्जर है। पुलिस ने इसको बताया कि वह सीकर से साबुन सप्लाई कर नीमकाथाना आ रहा था। इस दौरान मंडावरा के पास कैंपर में सवार आए लुटेरों ने पीकअप को रुकवाकर दो जने उसमें सवार होकर मनसा माता रोड की तरफ ले गए। दो-तीन किलोमीटर चलने के बाद उसे जंगल में ले गए। यहां पालाराम पर लुटेरों ने पिस्तौल तानी और उसके पास मिले रुपए लूट कर पार हो गए। घटना की सूचना पर उदयपुरवाटी थाना अधिकारी रामेश्वर बगड़ीया व पचलंगी पुलिस चौकी प्रभारी राजेन्द्र सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। नाकाबंदी करवाई लेकिन, इसके बाद भी अज्ञात लुटेरों का सुराग नहीं लगा। जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
लुटेरे दूर से ही लगे हुए थे पीछे
पीडि़त ने बताया कि कैंपर में सवार लुटेरों ने छापोली व मंडावरा के पास से उसका पीछा शुरू कर दिया था। इस दौरान उन्होंने कई बार गाड़ी आगे लगाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने पीछा कर पीकअप को मंडावरा के पास रुकवा लिया और उसको मनसा माता रोड की ओर ले गए। रुपए लूटने के बाद आरोपी उसका मोबाइल व गाड़ी की चांबी भी साथ ले गए। इसके बाद पीडि़त जैसे-तैसे पास में स्थित स्वामी की ढ़ाणी में पहुंचा और किसी का मोबाइल लेकर घटना की जानकारी अपने अपने परिजनों को दी।
Updated on:
28 Jan 2019 12:07 pm
Published on:
28 Jan 2019 12:05 pm
