
प्यार में पागल प्रेमी जोड़े ने कुएं में कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- मेरी याद के लिए रख लेना ये चीज
सीकर.
दादिया थाना अंतर्गत झीगर छोटी गांव में स्थित सूखे कुएं में कूदने से सोमवार को युवक व युवती की मौत हो गई। देर रात पुलिस ने शव निकलवा कर एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। पुलिस के अनुसार मौके पर सुसाइड नोट मिला है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में करवाया जाएगा। दादिया थानाधिकारी बृजेंद्र ङ्क्षसह राठौड़ ने बताया कि मृतका का नाम शारदा पुत्री बलबीर है और मृतक सत्यप्रकाश उर्फ सुरजभान पुत्र आशाराम है। दोनों युवक-युवती झीगर छोटी के रहने वाले थे। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और दोनों ने गांव में स्थित 70 फीट सूखे कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। इससे पहले सोमवार को दिन में युवती की बुआ की लडक़ी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सत्यप्रकाश नाम का युवक उसकी बहन शारदा को बहला-फुसला कर भगा कर ले गया है। पुलिस ने सत्यप्रकाश के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी कि झीगर छोटी गांव के ग्रामीणों ने दो शव कुएं में पड़े होने की सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और बमुश्किल दोनों के शव कुएं से रात को बाहर निकाला। कुआं सूखा होने से दोनों के गंभीर चोट लगने से इनकी मौत हो गई। शारदा व सत्यप्रकाश के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग की जानकारी इनके घरवालों को थी। इसलिए चार दिन पहले ही शारदा को रघुनाथगढ़ रहने वाली उसकी बहन के घर भिजवाया गया था, लेकिन रविवार रात 11.30 सत्यप्रकाश बाइक लेकर रघुनाथगढ़ पहुंचा और फोन कर शारदा को घर से बाहर बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद सोमवार को दोनों दिन में साथ रहे और शाम को करीब चार से छह बजे गांव के पास स्थित कुएं में दोनों ने छलांग लगा दी। इधर, कुएं के पास बाइक खड़ी देखकर गांव वालों को शंका हुई तो उन्होंने कुएं में झांक कर देखा तो दोनों के शव उसमें पड़े हुए थे।
आपस में करते थे प्रेम
शारदा कक्षा नौवीं और सत्यप्रकाश ने 12वीं पास कर रखी थी। सत्यप्रकाश के पिता सरकारी शिक्षक थे। जिनकी मौत हो चुकी है। सत्यप्रकाश बेरोजगार घूम रहा था। इधर, शारदा की मां नहीं थी। उसका एक बड़ा भाई है। सुसाइड नोट में सत्यप्रकाश ने लिखा है कि हम दोनों आपस में प्रेम करते हैं। मौत के बाद घरवालों को परेशान नहीं किया जाए। सुसाइड नोट में यह भी लिखा था कि बाइक को बेची नहीं जाए, यह मेरी यादाश्त के लिए रख ली जाए।
पुलिस को आया पसीना
कुएं में गिरने के बाद दोनों को बाहर निकालने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। शव निकालने के लिए कोई 70 फीट कुएं में उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद लोरिंग मशीन बुलाई गई। जिसके जरिए दोनों के शव कुएं से बाहर निकाला गया।
Updated on:
02 Apr 2019 06:49 pm
Published on:
02 Apr 2019 10:57 am
