
कुर्कशुदा भूमि पर कराया निर्माण तो होगी एफआइआर
सीकर . धर्माणा बगीची के पास जीएसएस की प्रस्तावित भूमि के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया है। नगर परिषद ने जीएसएस के फांउडेशन की भूमि को कुर्कशुदा बताया और आयुक्त ने खुद को इस भूमि का रीसिवर बताते हुए विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को नोटिस जारी किया है। नोटिस के जरिए अधीक्षण अभियंता को बताया कि कि बिना सक्षम स्वीकृति के इस भूमि में निर्माण या परिवर्तन करने पर परिषद की ओर से एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही अधीक्षण अभियंता को इस भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी 24 घंटे में देनी होगी। गौरतलब है कि शहर में आइपीडीएस स्कीम के तहत धर्माणा बगीची के पास 33/11 केवी जीएसएस के निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है।
इसलिए विवाद
धर्माणा बगीची के पास खसरा नम्बर 1631 की भूमि 2000 में जिला मजिस्ट्रेट ने कुर्क की थी। जिसका रिसीवर नगर परिषद आयुक्त को बनाया गया। इसके बाद 2013 में जीएसएस की भूमि को जनउपयोगी कार्य के लिए कुर्कशुदा करने की अपील की गई थी। यह अपील 2016 में खारिज हो गई। इस कारण इस भूमि के लिए पूर्व में नियुक्त रीसिवर नगर परिषद आयुक्त ही रहे। परिषद का तर्क है कि इसके बावजूद परिषद ने मुगालते में रख कर जीएसएस की प्रस्तावित भूमि पर निर्माण किया है। निर्माण को रोकने की कार्रवाई करने पर विद्युत निगम ने नुकसान पहुंचाने की शिकायत दी थी।
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को नोटिस देकर 24 घंटे में जवाब मांगा है कि उन्होंने किस हैसियत और आधिकारिता के तहत कुर्कशुदा भूमि पर निर्माण किया है। भविष्य में निर्माण करने पर अधीक्षण अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
श्रवण कुमार आयुक्त, नगर परिषद सीकर
कुएं में मिला व्यापारी का शव
सीकर. झुंझुनूं जिले के जैविक खाद के व्यापारी का शव शनिवार को उद्योग नगर थाना इलाके में कुएं में मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाधिकारी राममनोहर ने बताया कि खेतड़ी नगर के चरण सिंह नगर का निवासी पिंकीलाल (25) जैविक खाद का कार्य करता था। करीब छह दिन पहले खाद सप्लाई करने की बात कहकर घर से निकला था। शनिवार को गोकुलपुरा में सीताराम के खेत पर बने कुएं के बाहर चप्पल व थैला रखा हुआ था। इस पर सीताराम के परिवार ने कुएं में देखा तो वहां शव दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। पुलिस को हत्या के कोई सुराग नहीं मिले हैं। शव के बाया पैर व हाथ पर चोट पाई गई। पुलिस यह पता करने में जुटी है कि ये चोट कुएं में गिरने के दौरान लगी या पहले मारी गई थी।
Published on:
04 Nov 2018 06:33 pm
