
सीकर. रसीदपुरा में बहु प्रतिक्षित जिन्स विशिष्ट प्याज मंडी में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंडी प्रांगण में रिक्त 60 भूखंड के लिए सीकर मंडी क्षेत्र में जमीन के मालिक व्यापारी, महिला कृषक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन दो जुलाई से मिलेंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक अगस्त 2018 तक चलेगी।
25 हजार रुपए शुल्क लिया जाएगा। सीकर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव देवेन्द्र सिंह बारहठ ने बताया कि पात्र आवेदकों की संख्या ज्यादा होने पर भूखंड आवंटन नीलामी पद्वति से होगा।
यूं रहेगा आरक्षण
20 गुना 50 की साइज वाले 60 भूखण्ड के लिए आरक्षण रहेगा। जिसमें लाइसेंस शुदा व्यापारी के लिए 30 भूखंड, लाइसेंस धारक दिव्यांगों के लिए दो भूखंड, सामान्य वर्ग की महिला किसान के लिए सात, विधवा महिला के लिए एक, एससीएसटी वर्ग की महिला के लिए दो, एसटी वर्ग के लिए दो, जैविक खेती करने वाले किसानों के लिए एक व प्याज जिन्स का निर्यात करने वाले व्यापारियों के लिए 15 भूखंड आवंटित होंगे।
ताले की सूचना नहीं दी तो संस्था प्रधान पर गिरेगी गाज
सीकर. खाली पदों व अन्य कारणों से यदि किसी सरकारी विद्यालय में ताला लगा दिया गया और उसकी सूचना उच्चाधिकारियों को तुरंत नहीं दी गई तो संस्थाप्रधान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए राज्य व जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा के निदेशक ने सभी मंडलों के उप निदेशकों व जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि सभी विद्यालयों में पद भरने के प्रयास किए जा रहे हैं। उप निदेशक व जिला शिक्षा अधिकारी विद्यालयों पर ताले लगाने से रोकने के विशेष प्रयास करेंगे। कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाएंगे।
जिले के संवेदनशील विद्यालयों को चिह्नित करेंगे। अगर ताला लगता है तो सुबह आठ बजे व दोपहर एक बजे इसकी सूचना कंट्रोल रूम में देनी होगी। यदि कहीं ताला लगता है तो खुद जिला शिक्षा अधिकारी मौके पर जाएंगे।
यदि स्वयं नहीं जा सकेंगे तो जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर भेजकर ताला खुलवाना सुनिश्चित करेंगे। संस्था प्रधान भी स्थानीय समुदाय से निरंतर सम्पर्क में रहते हुए निर्बाध विद्यालय संचालन सुनिश्चित करें। अभिभावकों व एसडीएमसी सदस्यों को विभागीय नियमों व प्रावधानों की जानकारी देकर ताला खुलवाने में सहयोग लेंगे।
Published on:
02 Jul 2018 10:33 am
