
ब्रांडेड मोबाइल चोरी कर आईएमईआई नंबर बदलते और बेच देते, पुलिस ने धर-दबोचा तो सामने आया इंटरनेशनल गिरोह
सीकर.
20 दिन पहले तापडिय़ा बगीची के पास सत्यम मोबाइल सेंटर से चुराए गए मोबाइलों के साथ दो युवकों को हरियाणा से गिरफ्तार कर पुलिस सीकर आई है। इनसे मौके पर 75 महंगे मोबाइल बरामद किए गए हैं। जबकि जांच में सामने आया है कि सेंटर से मोबाइल चुराने वालों के तार अंतराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। जो दिल्ली, बंगलुरू, मुंबई व कोलकाता जैसे बड़े महानगरों में स्थित मोबाइल शोरूम की रैकी कर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। जिनको दबोचने के लिए पुलिस की टीम उनके पीछे लगी हुई है। कोतवाल वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी जिला नुंह मेवात हरियाणा का 27 साल का मुस्ताक पुत्र नूर मोहम्मद व 22 वर्षीय फैसल पुत्र अलीम है। जो कि, भिवाड़ी अलवर में चोरी के मोबाइल खुर्द-बुर्द करने के प्रयास में थे। लेकिन, नंबरों के आधार पर पता चला कि ये वहीं मोबाइल हैं। जो कि, सीकर से चुराए गए थे। हालांकि चोरी के मोबाइल इन तक कैसे पहुंचे।
इसकी जानकारी जुटाने के लिए दोनों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर मांगा जाएगा। ताकि गिरोह से जुड़े बाकी लोगों तक आसानी से पहुंचा जा सके। हालांकि शुरूआती पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह में सबके काम अलग-अलग बंटे हुए हैं। इनमें वारदात करने के लिए चोरी में मंझे हुए लोगों को काम में लिया जाता है। जबकि घटना से पहले रैकी करने वाले, चोरी के माल को खुर्दबुर्द करने वाले और इनके एमआइ नंबर गायब करने वाले सब अलग हैं। इनका निशाना महंगे मोबाइलों के शोरूम ही होते हैं। जिन पर हाथ मारने के बाद एक साथ ही लाखों रुपए बटौरे जा सकें।
मुख्य आरोपी चिह्नित
29 दिसंबर को मोबाइल सेंटर के ताले तोडकऱ 50 लाख के मोबाइल व चार लाख रुपए नकद चुराने के लिए कार में पांच नकाबपोश आए थे। पुलिस अभी इन मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि दावा है कि चोरी करने वाले आरोपियों को चिंह्ति कर लिया जाएगा। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर उनको भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इन रास्तों से किया सीकर पार
पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम का गठन कर आरोपियों के पीछे लगा दिया। जांच में सामने आया कि चोर बिना नंबरी कार में चोरी का माल लेकर कल्याण सर्किल, डाक बंगला, नवलगढ़ पुलिया, पिपराली चौराहा से बगिया होटल होते हुए झुंझुनूं, चिड़ावा, लुहारू, सतनाली, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, धारूहेडा और भिवाड़ी के आस-पास के क्षेत्र मेवात तक पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज से तार जोड़ती हुई पुलिस इन दो आरोपियों तक पहुंची थी। इससे पहले पुलिस टीम ने वहीं डेरा जमाए रखा। चोरी के मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस अधीक्षक डा. अमनदीप सिंह कपूर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. तेजपाल सिंह व सीओ सीटी गिरधारीलाल शर्मा ने टीम की पीठ थपथपाई है।
कपड़े भी नहीं ले गए साथ
शहर के बीचों-बीच इतनी बड़ी चोरी के बाद पुलिस टीम को मौके से ही रवाना कर दिया गया था। टीम में शामिल सदस्यों के अनुसार उन लोगों ने पहनने के कपड़े तक वहीं रहकर खरीदे हैं। इससे पहले होटल व धर्मशालाओं में छापेमारी में जुटे रहे। उपनिरीक्षक सुनील जांगिड़ ने बताया कि मुखबिरी का पूरा तंत्र बिछाने के बाद मुस्ताक व फैसल को दबोच लिया। टीम में शहर कोतवाल वीरेंद्र शर्मा, एएसआई महेंद्र ङ्क्षसह, एचसी विधाधर, सदीक खान, संतकुमार, कांस्टेबल हरिश, लक्ष्मण सिंह, बलबीर ङ्क्षसह, दलिप, दिलावर, राजेंद्र सहित अलवर सीआइयूके कांस्टेबल योगेश, इरशाद व मुरारी शामिल रहे।
यह था मामला
मोबाइल सेंटर मालिक नरेंद्र के शोरूम से 29 दिसंबर के तडक़े साढ़े चार बजे लग्जरी कार में सवार होकर आए पांच नकाबपोश लोग लाखों के मोबाइल व नगदी चुरा ले गए थे। सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ गए थे और कैमरे की डीवीआर निकाल कर भी साथ ले गए थे।
Updated on:
21 Jan 2019 02:23 pm
Published on:
21 Jan 2019 11:23 am
