
सीकर.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर की बीएड की परीक्षा यदि समय पर नहीं हुई तो सीकर व झुंझुनूं जिले के करीब 18 हजार विद्यार्थियों की नौकरी की उम्मीद खत्म हो सकती है। गौरतलब है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा तथा वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा में बीएड अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी भी बैठ सकते हैं, लेकिन आयोग की परीक्षा से पहले बीएड का परिणाम आना अनिवार्य है। अभी विवि की लचर कार्यशैली के चलते आयोग की परीक्षा से पहले बीएड का परिणाम आना मुश्किल लग रहा है। स्कूल व्याख्याता के लिए बीस विषयों के करीब पांच हजार पदों पर भर्ती होगी। परीक्षा के आवेदन 17 मई से ऑनलाइन भरे जाएंगे। संस्कृत शिक्षा में हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान विषय के वरिष्ठ अध्यापकों की भर्ती होगी। इसके लिए आवेदन 23 अप्रेल से शुरू हो गए जो 12 मई तक भरे जाएंगे। इसके अलावा वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के आवेदन 10 मई से 9 जून तक लिए जाएंगे। विद्यार्थी सात जुलाई से पहले परिणाम जारी करवाने की मांग कर रहे हैं।
यह है परेशानी
आयोग की ओर से होने वाली वरिष्ठअध्यापक/व्याख्याता भर्ती परीक्षा में वे विद्यार्थी भी शामिल हो सकते हैं जो बीएड की अंतिम वर्ष की परीक्षा देंगे, लेकिन इसमें एक शर्त है। आयोग की परीक्षा से पहले बीएड परीक्षा का परिणाम जारी हो जाना चाहिए। यानि आयोग की परीक्षा के दिन से पहले विद्यार्थियों को शैक्षणिक अर्हता अर्जित करने का सबूत देना होगा। अन्यथा वह पात्र नहीं माना जाएगा। अब जमीनी हकीकत यह है कि बीएड की परीक्षा कब होगी, इसका अभी तक टाइम टेबल ही जारी नहीं किया गया है। इसके बाद परिणाम कब आएगा इसका भी पता नहीं है। हालांकि आयोग की परीक्षा का समय भी निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि अगस्त/सितम्बर से पहले परीक्षा हो जाएगी। अक्टूबर तक हर हाल में परिणाम घोषित हो जाएगा।
इधर, विधानसभा चुनाव से पहले नियुक्ति देने की तैयारी है। पिछले साल शेखावाटी विवि की ओर से जुलाई से बीएड परीक्षा का आयोजन किया गया था। नवम्बर के आस-पास परिणाम घोषित किया गया था। अब यदि इस बार भी परिणाम नवम्बर में आया तो सीकर व झुंझुनूं के करीब 18 हजार विद्यार्थियों की इस वर्ष नौकरी की उम्मीद लगभग खत्म हो जाएंगी। वहीं विवि प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उनकी उम्मीदों को टूटने नहीं दिया जाएगा। परीक्षा व परिणाम पहले से जल्दी करवाया जाएगा।
पीडि़तों की जुबानी
नवलगढ़ के संदीप शर्मा का कहना है कि वह बीएड द्वितीय वर्ष का छात्र है। बीएड से ज्यादा वह लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली द्वितीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा तथा प्रथम श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उसने कोङ्क्षचग क्लासेज भी ज्वाइन कर रखी है। बीएड के छात्र रमेश जांगिड़ व कुलदीप का कहना है कि वे बीएड की पढ़ाई से ज्यादा कोचिंग पर ध्यान दे रहे हैं, विवि को सात जुलाई से पहले बीएड का परिणाम जारी करना चाहिए।
Published on:
26 Apr 2018 07:56 am
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
