4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भट्टी की तरह तपा शेखावाटी लू से अस्त-व्यस्त रहा जनजीवन

www.patrika.com
2 min read
Google source verification

सीकर

image

Gaurav kanthal

Apr 25, 2019

sikar news

भट्टी की तरह तपा शेखावाटी लू से अस्त-व्यस्त रहा जनजीवन

भट्टी की तरह तपा शेखावाटी लू से अस्त-व्यस्त रहा जनजीवन
सीकर. शेखावाटी अंचल के सीकर, चूरू व झुंझुनूं जिले में लगातार दूसरे दिन बुधवार को गर्मी ने जमकर सितम ढहाया। सीकर में सुबह दस बजे से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया। दिन में तपन भरी हवाओं से आम जन-जीवन बुरी तरह से बेहाल रहा। कुपित सूर्य देव दिन भर अंगार बरसाते रहे। दहकती सडक़ों पर चलना मुश्किल हो गया। दोपहर में तो शहर के मुख्य बाजारों से रौनक गायब हो गई और गलियों में सन्नाटा पसर गया। तेज गर्मी के कारण शहर के सार्वजनिक स्थानों पर कम चहल-पहल रही। चिलचिलाती धूप के आगाज के कारण लोग सुबह जल्दी ही अपने जरूरी काम निपटाने लग गए। अन्यत्र जाने वालों ने भी मौसम का मिजाज भांप कर जल्द ही रवानगी ले ली। लोग कार्यालयों, दुकानों, संस्थानों पर धूप चढऩे से पूर्व ही चले गए। सरकारी कार्यालयों में तो दोपहर को लंच के समय भी कर्मचारियों ने दफ्तर छोडऩा मुनासिब नहीं समझा। चूरू में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री, पिलानी में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री रहा। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश में आज भी गर्मी का जोर
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पश्चिमी राजस्थान के चूरू, जैसलमेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, जोधपुर और बाडमेर में कई जगह तेज हवाएं चलेगी। धूलभरी आंधी आ सकती है। वहीं पूर्वी राजस्थान के सीकर, झुंझुनंू, अजमेर, अलवर, भरतपुर, सवाईमाधोपुर, टोंक, दौसा, करौली, धौलपुर में 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से धूलभरी आंधी आएगी। इसके अलावा गुरुवार को झुंझुनूं, कोटा, सवाईमाधोपुर, टोंक जिले में एक-दो स्थानों पर भीषण लू चलेगी।
हीट स्ट्रोक के केस बढ़े
गर्मी के असर के कारण एसके अस्पताल में गर्मी के कारण डायरिया, पेट में ऐंठन के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके लिए मेडिसिन विभाग में ग्लूकोज और ओआरएस के पैकेट का अतिरिक्त इंतजाम किया गया है। वहीं सांवली रोड स्थित बहुउद्देश्यीय पशु चिकित्सालय में पिछले दो दिन में हीट स्ट्रोक से प्रभावित पशु पक्षी आने लगे हैं। इसके अलावा अलावा एसके अस्पताल में भी हीट स्ट्रोक और सन स्ट्रोक के मरीज आ रहे हैं।