
Sikar MLA Ratan Lal Jaldhari repeat for Rajasthan election 2018
सीकर. भाजपा की दूसरी सूची में सीकर विधानसभा के पत्ते खुल गए। कई दिनों से चल रही कवायद के बाद आखिरकार भाजपा ने वर्तमान सीकर विधायक रतन जलधारी के नाम पर ही मुहर लगा दी। पहली सूची में नाम नहीं आने से समर्थक भी मायूस थे, लेकिन जैसे ही दूसरी सूची में जलधारी का नाम आया तो सर्मथकों में जोश भर गया। जलधारी के आवास पर समर्थकों का मेला लग गया। समर्थकों ने विधायक का अभिनंदन कर आतिशबाजी की। इसके बाद विधायक गणेश मंदिर पहुंचे। यहां पहुंचकर ढोक लगाई। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच में फिर से जाएंगे। उनका अहम मुद्दा विकास रहेगा।
फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़ इसलिए अटकी टिकट
सीकर. फतेहपुर सीट पर लगातार आरएसएस के इशारे पर टिकट मिलती रही है। लेकिन यहां लगातार हुई हार के बाद पार्टी इस बार चिन्ता में नजर आ रही है। इस कारण अभी तक फतेहपुर सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। जबकि पिछले चुनावों में फतेहपुर सीट की टिकट पहले व दूसरे चरण में जारी होती रही है। वहीं लक्ष्मणगढ़ सीट अभी तक जातीय समीकरण में उलझी हुई है। यहां दस से अधिक दावेदारों के कारण पार्टी कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती है। हाालांकि पार्टी ने दो नाम तय कर रखे है। इनमें एक नाम पर मुहर लगाने के लिए मंथन जारी है।
कांग्रेस की सूची को लेकर दिनभर चर्चा
कांग्रेस की सूची को लेकर बुधवार को भी दिनभर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर चलता रहा। देर शाम वायरल हुई सूची के बाद किसी खेमों में मायूसी तो किसी में खुशी छा गई। लेकिन जब सूची के गलत होने की जानकारी वायरल हुई तो दोनों गुटों ने फिर से राहत ली। भाजपा की अब तक जारी हुई सूची के अनुसार दो जाट, एक राजपूत, एक ब्राह्मण, एक कुमावत व एक एससी वर्ग को टिकट दी गई है।
रूठों को मनाने का प्रयास
दांतारामगढ़. भाजपा प्रत्याशी हरीश कुमावत बुधवार की शाम दांता पहुंचे। इसके साथ ही रूठे भाजपाईयों को मनाने के प्रयास भी शुरू हो गए। हरीश कुमावत के साथ सांसद सुमेधानन्द सरस्वती व भाजपा जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी भी पहुंचे और ड्रैमेज कंट्रोल करने का प्रयास किया।
Published on:
15 Nov 2018, 12:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.