
राजस्थान में पायटल के चक्कर में जीत गई कांग्रेस, अब जनता का हुआ मोहभंग, लोकसभा चुनाव में बदलेगी तस्वीर
सीकर.
लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा-कांग्रेस में तैयारी तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव की जीत के बाद से उत्साहित कांग्रेस ने दावेदारों से आवेदन ले लिए है। वहीं भाजपा में अब कवायद तेज हो रही है। गुरुवार को सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती पत्रकारों से रूबरू हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीकर लोकसभा सीट से वह दावेदार है। अन्य दावेदारों के सवाल पर कहा कि दावेदारी कोई भी जता सकता है। यदि कोई दूसरा टिकट लेकर आता है तो सबसे पहले माला मैं पहनाऊंगा। उन्होंने कहा कि जिसको भी टिकट मिलेगी उसके साथ पूरी मेहनत भी करूंगा। फिल्म अभिनेता व खिलाड़ी को सीकर से टिकट दिए जाने की चर्चा के सवाल पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। वहीं अन्य राज्य से चुनाव लडऩे के सवाल पर भी कहा कि चुनाव लडूंगा तो सिर्फ सीकर से ही। सांसद ने अपने कार्यकाल के दौरान हुए कार्यो को भी गिनाते हुए कांग्रेस को जमकर घेरा। इस दौरान पूर्व विधायक रतन लाल जलधारी, जिला उपाध्यक्ष बाबू सिंह बाजौर, महामंत्री नंद किशोर सैनी, प्रभु सिंह गोगावास, प्रकाश दाधीच, नीलम मिश्रा, महेन्द्र कुमार जोशी, जितेन्द्र माथुर, गिरीश प्रधान आदि मौजूद रहे।
किस मुद्दे पर क्या बोले सांसद
विधानसभा चुनाव में हार: तीन बड़े कारण बताए
सांसद ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को तीन वजह से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी, कर्जा माफी और सचिन पायलट फैक्टर के कारण हार का सामना करना पड़ा। लेकिन लोकसभा चुनाव में स्थिति एकदम बदलने वाली है।
पांच साल का रिपोर्ट कार्ड
सांसद ने कहा कि पांच साल में मेडिकल कॉलेज को धरातल पर लाने के साथ बॉडग्रेज का काम पूरा कराया। इससे कई मार्गो पर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है। इस महीने के आखिर तक एक ट्रेन और चलने की संभावना है। वहीं छह ओवरव्रिज भी बनाए। मेडिकल कॉलेज को इसी साल से शुरू कराने के प्रयास होंगे। इसके अलावा कई अन्य उपलब्धि गिनाई।
कर्जा माफी: कांग्रेस ने झूठ बोल वोट लिए
पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने सबसे ज्यादा कर्जा माफी के मामले को लेकर कांग्रेस को घेरा। सांसद ने कहा कि सीकर की रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि किसानों का पूरा कर्जा माफ करेंगे। लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही डिफाल्टर किसानों के ही कर्जा माफ करने की घोषणा की है। इस कारण प्रदेश के किसानों में सरकार के खिलाफ आक्रोश है। सांसद ने कहा कि समय पर किश्त जमा कराने वाले किसान अब ठगा सा महसूस कर रहे है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को पता होता कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही बनेंगे तो लोग वोट ही नहीं देते।
हम तो पाई-पाई का हिसाब लेने में लगे है
सांसद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा भाजपा पर आरोप लगाती है कि पैसे लेकर लोग भाग रहे है। लेकिन इन लोगों को तो लोन तो कांग्रेस ने ही दिलाया था। अब भाजपा तो पाई-पाई का हिसाब लेने पर तुली है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही यह कानून बनाया कि कोई भी यदि देश छोडकऱ भाग जाता है उसकी सम्पति कुर्क की जा सकती है। वहीं सर्वण आरक्षण व ओबीसी आयोग को भी देशहित में बताया।
Published on:
18 Jan 2019 01:35 pm
