
वोटिंग मशीन देखकर भडक़ गए पूर्व मंत्री, कहा- हटाओ यहां से यह सब
सीकर. सीकर के रामलीला मैदान में पूर्व केबिनेट मंत्री राजेन्द्र पारीक उस समय भडक़ गए जब जिला प्रशासन मतदाता जागरुकता के लिए वीवीपेड मशीन लेकर दशहरे के मेले में पहुंच गए। यहां दशहरे पर रावण दहन के बाद प्रशासन ने रामलीला के मंच से मतदाता जागरुकता का संदेश देने का मन बनाया था। लेकिन, यहां टीम आमजन को वीवीपेड और मतदान के बारे में कुछ बताती इससे पहले ही पूर्व उद्योग मंत्री राजेन्द्र पारीक भडक़ गए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपनी वीवीपेड हटाने की बात कहते हुए कहा कि यह रामलीला का मंच है। यहां यह नहीं होना चाहिए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पारीक ने यहां तक कह दिया कि इन्हें हटाओ, नहीं तो मैं इन्हें हटाता हूं। कथित तौर पर पारीक इस दौरान जबरदस्त तैश में थे।
बदला बदला था नजारा
शहर के रामलीला मैदान का नजारा शुक्रवार को कुछ बदला-बदला नजर आया। यहां भगवान श्रीराम की जीत की खुशियों में शामिल होने के लिए हर कोई अपने आप को अयोध्यावासी मान रहा था। जैसे ही भगवान राम ने ४४ फीट के रावण पर तीर छोड़ा तो पूरा माहौल भगवान श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान शहरवासियों ने जमकर आतिशबाजी का आनंद लिया। देर रात तक रामलीला मैदान में शहरवासियों की भीड़ लगी रही। रावण के अहंकार को देखने के लिए शाम से ही लोगों की कतार लग गई। इधर, आयोजन समिति की ओर से शनिवार को लव कुश के नाटक होगा। मंडल के सयुंक्त मंत्री जानकी प्रसाद इन्दौरिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जयपुर के कलाकारों की ओर से लोक संगीत व लोक नृत्यों की रोचक प्रस्तुतियां दी जाएगी। इससे पहले रात नौ बजे रामलीला मैदान में ही नाटक का मंचन होगा।
अग्नि बाण से पहले मरा रावण
सीकर के रामलीला मैदान में शुक्रवार को आयोजित दशहरे मेले में रावण भगवान राम की तीर लगने से पहले ही मर गया। यहां ४४ फिट का रावण बनाया गया था। जिसका दहन भगवान राम को तीर चलाकर करना था। लेकिन, भगवान राम का अग्नि बाण पहुंचनेे से पहले ही रावण के पुतले के पास पास हो रही आतिशबाजी की चिन्गारी पहुंच गई। जिससे भगवान राम के युद्ध से पहले ही रावण का आत्म दाह हो गया। अचानक हुए इस कांड से मेले में एकबारगी अफरा तफरी का माहौल भी हो गया। हालांकि प्रशासन की चाक चैाबंद व्यवस्था के चलते सब काबू में रहा। सीकर में दशहरा का मेला देखने के लिए दूर दराज से भी लोग पहुंचे थे।
यहां भी जला रावण
इधर, शास्त्रीनगर वार्ड नं. 27 में बच्चों ने दशहरे के उपलक्ष्य में रावण दहन किया। पिछले पंद्रह दिनों से बच्चे रावण को तैयार करने में लगे हुए थे। रावण बनाने में गौरव सैन, हिमांशु शर्मा, आयुष मिश्रा, हिमांशु गुर्जर, कार्तिक सैन, अंकित कुमावत, लक्ष्य सैनी, कुशल खरे आदि ने दिन-रात मेहनत कर रावण का पुतला तैयार किया। रावण दहन के अवसर पर पार्षद प्रदीप मिश्रा, महेश शर्मा, मनोज कुमावत, मोतीलाल शर्मा, विजय कुमावत, राकेश सैनी, प्रदीप खरे सहित भारी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। इसी तरह सिटी डिस्पेन्सरी नम्बर दो के पीछे भी कॉलोनी के लोगों ने रावण का दहन कर बुराई के प्रतीक को जलाया। इस दौरान ललित किशोर माथुर, कमल माथुर, सुरेन्द्र पंवार, भागीरथ सिंह, महेश बडग़ुजर, यश, स्वीटी, प्रखर, अंश, नियति, स्वीटी आदि मौजूद रहे।
Published on:
20 Oct 2018 04:26 pm
