
rajasthan Police
सीकर. गांव वालों की गलत सूचना पर सोमवार को पुलिस की बेवजह परेड करा दी गई। शव मिलने की सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो खाकी वर्दी को देखकर वहां पड़ा युवक झट से खड़ा हो गया। हालांकि युवक के शराब के नशे में होने के कारण पुलिस अपने साथ ले आ गई और नशे की हालत में उसे बाद में एसके अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार दादिया पुलिस के पास दिन में किसी ने फोन कर सूचना दी कि भादवासी गांव के पास एक युवक का शव पड़ा है। इत्तला मिलते ही पुलिस बीना समय गंवाए मौके पर पहुंच गई और रेलवे लाइन के पास सुनसान जगह मिट्टी में पड़े युवक को संभाला तो उसने टांग हिलाई और वह खड़ा हो गया। दादिया थानाधिकारी बृजेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर लोगों की भीड़ जमा थी। जो, युवक को मृत समझ रही थी। हालांकि खड़े होने के बाद भी युवक के पैर लडख़ड़ा रहे थे।
संभावना जताई गई कि युवक शराब के नशे में है। या फिर सिर में लगाई गई काली डाई के कारण रिएक्शन होने से वह चक्कर खाकर गिर पड़ा होगा। इसके बाद घटना स्थल सदर थाने का होने पर संबंधित एसएचओ को इसकी सूचना दी गई और युवक को एसके अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इधर, सदर थाना पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में होने के कारण बोल नहीं पा रहा था। अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ को कहा गया है कि युवक के होश में आते ही इसकी सूचना पुलिस को दी जाए। ताकि उससे पूछताछ की जा सके।
नहीं हुई पहचान
मौके पर जिंदा मिले युवक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद ली। लेकिन, किसी ने उसे नहीं पहचाना है। संभवतया युवक किसी दूसरी जगह से यहां पहुंचा था। सुनसान जगह और पास में रेलवे पटरी होने के कारण ग्रामीणों का कयास था युवक यहां आत्म हत्या करने के उदेश्य से भी आ सकता है। पुलिस ने युवक की उम्र करीब 25 साल बताई है और उसके परिजनों तक पहुंचने के प्रयास में है।
Published on:
10 Dec 2018 06:19 pm
