
चौथे माले पर लगी आग, गार्ड ताला बंद कर चला गया...कांच तोडकऱ बचाई जान
सीकर. शहर के व्यस्ततम स्टेशन रोड स्थित बहुमंजिला भवन में लगी आग से प्रोपर्टी व्यवसायी का ऑफिस जलकर राख हो गया। आग ने भवन की फॉल सीलिंग को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर लोगों ने दमकल को इसकी सूचना दी। चौथी मंजिल पर आग लगने के कारण दमकलकर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। पहले तो नीचे से पानी फेंकने का प्रयास किया गया। बाद में रस्सी के सहारे पाइप चौथी मंजिल पर पहुंचाकर करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। आग में व्यवसायी के करीब दस लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। स्टेशन रोड स्थित भास्कर मेगा मॉल के चौथे माले में आग दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे लगी। प्रोपर्टी व्यवसायी दिनेश शर्मा ने बताया कि उनका रिश्ते का भाई गजानंद ऑफिस खोलने के लिए आया तो बरामदे में लगी फॉल सीलिंग में बिजली के तारों में शार्ट सर्किट हो गया। यह देखकर उसने मॉल के दुकानदारों को सूचना दी। कुछ ही समय में फॉल सीलिंग के पास लगे एसी ने आग पकड़ ली। एसी के सहारे आग ने ऑफिस तक पहुंच गया।
चटकते शीशे और टूटती फॉल सीलिंग
आग मॉल के चौथे माले पर लगने के कारण पानी की बौछार उस तक नहीं पहुंच पाई। इधर, आग के कारण मॉल में बने ऑफिसों के कांच गर्म होकर चटकने लगें और छत पर लगी फॉल सीलिंग टूटकर नीचे गिरने लगी। गैस तथा धुंआ बाहर निकालने के लिए लोगों ने लगे कांच पत्थरों से तोड़ डाले।
पुलिस भी नहीं रोक पाई कदम
आग की उठती लपटों को देखकर पूरी सडक़ प्रत्यक्षदर्शियों से अट गई थी। सूचना पर सीओ सीटी सौरभ तिवाड़ी, कोतवाल श्रीचंद सिंह सहित चुनाव में लगी मोबाइल पार्टी व यातायात पुलिस के जाप्ते ने कमान संभाली। अनहोनी की आशंका पर मतगणना स्थल के पास लगाई गई एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची थी।
ताला लगाकर चाबी साथ ले गया था गार्ड
आग के दौरान सीढिय़ों पर लगा ताला भी परेशानी बन गया। दमकल का पाइप ऊपर ले जाने के लिए जब ताला खोलने का प्रयास किया गया तो मॉल में चाबी नहीं मिली। लोगों ने पत्थर से ताला तोडऩे का प्रयास किया। हालांकि इसी बीच गार्ड ने आकर ताला खोल दिया। इसके बाद पाइप ऊपर पहुंचाया जा सका।
लपटें उठती देख लोगों की लगी भीड़
मतगणना स्थल से दो दमकलों को मौके के लिए रवाना किया गया। परिषद की फोम डालने वाली मशीन व दमकल की दो अन्य गाडिय़ां भी मौके पर पहुंची। रास्ता छोटा होने के कारण दकमल को पीछे सम्राट सिनेमा में ले जाया गया। वहां से रस्से के सहारे से पाइप को चौथी मंजिल पर पहुंचाकर आग पर काबू पाया गया।
Published on:
24 May 2019 05:58 pm
