
चोर दिन दहाड़े बेडरूम से चुरा ले गए साढे पांच लाख रुपए
सीकर. सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता साबित कर मोहल्ला शेखपुरा स्थित मकान में चोर दिन में घुसे और महज दो घंटे में बेडरूम के कमरे की पीछे की जाली तोडकऱ अलमारी में रखे साढ़े पांच लाख रुपए नकद चुरा ले गए। दिन-दहाड़े हुई चोरी की वारदात से आस-पास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। लेकिन, चोर का पता नहीं लगा। हालांकि पुलिस आस-पास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज लेकर गई है। जिनमें चोर की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के तहत मोहल्ला शेखपुरा का असलम उर्फ पप्पू कबाड़ी अपने परिवार के साथ ***** के लडक़े की शादी में शरीक होने दो दिन पहले जयपुर गया हुआ था। हालांकि इसका लडक़ा राजू घर पर ही था। लेकिन, यह भी दोपहर को पौने दो बजे शादी में जाने के लिए रवाना हो गया। पलसाना के पास पहुंचते ही बहन का फोन आया कि उसके ससुर की मौत हो गई है तो यह वापस सीकर आ गया।
पौने चार बजे घर आकर बेडरूम का ताला खोला तो उसके पीछे बनी खिडक़ी टूटी हुई थी और अलमारी का ताला टूटा मिला। जिसकी दराज में रखे 5.30 लाख रुपए गायब थे। जबकि अलमारी की दूसरी दराज में रखे सोने के गहने शायद चोर आर्टिफिशियल समझ कर यहीं छोड़ गया। एसके अस्पताल चौकी प्रभारी सुनील जांगिड़ के अनुसार शाम को जयपुर से घर पहुंचे पप्पू कबाड़ी ने कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। संदिग्ध मामले की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
कैमरा मिला बंद
घटना के बाद पड़ौस में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया तो वह बंद मिला। इसके बाद पुलिस क्षेत्र के आस-पास के कैमरों की फुटेज तलाशती रही। इधर, परिजन दिन में भी चोरी की वारदात हो जाने पर पुलिस को कोसते नजर आए।
शहर में दहशत
चोरी की बढ़ती वारदातों से सीकर जिले में लोग अब दहशत में है। पिछले 5 दिन में ही चोर 15 जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। लेकिन, पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।
Published on:
26 Dec 2018 12:58 pm
