
ढाई घंटे रास्ता जाम कर लोगों ने पुलिस के सामने ही लगाए उनके खिलाफ नारे
सीकर. राजस्थान सीकर के पलसाना के डूकिया, गोवटी और अलोदा सरीखे कई गांवों में लगातार एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं के विरोध में ग्रामीण आज आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। कई गांव के लोग इस दौरान पलसाना- खाटूश्यामजी सडक मार्ग पर धरना देकर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। काफी देर तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप था कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद भी पुलिस मामलों में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। गांवों में बढ़ रही चोरी की वारदातें पुलिस की ढिलाई का ही नतीजा है।
पुलिस के सामने लगाए नारे
ग्रामीणों के सड़क पर जाम लगा कर धरने पर बैठने की सूचना के बाद खाटूश्यामजी पुलिस थाने से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और धरने पर बैठे ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया गया। लेकिन ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात मांग पर अड़ गए और पुलिस के सामने ही जोर जोर से नारे लगाने लगे। मामला बढ़ता देख थानाधिकारी बाबूलाल गुर्जर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन शांत कराया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक रास्ता बंद रहा। जिससे जाम के हालात पैदा हो गए।
यह कहना था प्रदर्शनकारियों का
प्रदर्शन में शामिल पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि नजदीकी गांवों में लगातार एक के बाद एक चोरी की घटनाएं हो रही है। लेकिन ना तो पुलिस इन चोरियों को रोकने में कामयाब हो रही है और ना ही जो चोरियों का खुलासा कर पा रही है। ऐसे में चोरों के हौसले बुलंद है और लगातार चोरी की वारदातें बढ़ती ही जा रही है। शर्मा ने बताया कि हाल ही में अगस्त की रात को गांव में चोर आ गए थे। यह तो गनीमत रही कि लोगों की जाग हो गई और वह मौका देखकर भाग गए। लेकिन, इस मामले में भी जब पुलिस को सूचना दी गई, तो पुलिस मौके पर ही नहीं पहुंची। जबकि पुलिस को तुरंत मौके पर पहुंच चोरों की तलाशी शुरू करनी चाहिए थी।
Published on:
20 Aug 2018 05:13 pm
