
फिल्मी अंदाज में भिड़ाए वाहन हिस्ट्रीशीटर ने लहराई पिस्तौल
फिल्मी अंदाज में भिड़ाए वाहन हिस्ट्रीशीटर ने लहराई पिस्तौल
चिड़ावा. विधानसभा चुनाव से पहले गैंगवार की आहट सुनाई देने लगी है। आरोपित दहशत फैलाने लगे हैं। ताजा घटना ने इस बात की ओर इशारा किया है। शुक्रवार सुबह सूरजगढ़ मोड़ पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जिस पर हमला हुआ व थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वहीं दूसरे पक्ष के आरोपी के खिलाफ भी पहले से मुकदमे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस भी सकते में है। पुलिस ने गैंगवार की आशंका के चलते कड़ी निगरानी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार घटना के बाद दोनों पक्षों ने क्रॉस मुकदमे दर्ज करवाए। जिसमें ओजटू निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकुर डांगी ने रिपोर्ट दी कि वह बाइक पर जा रहा था। सूरजगढ़ मोड़ पर सेही निवासी राकेश, तेजपाल, संदीप व अन्य गाड़ी में सवार होकर आए। उक्त लोगों ने हमला किया तो वह बचने के लिए सडक़ किनारे खड़ी स्कोर्पियो के पास चला गया। जहां उक्त लोगों ने मारपीट की। स्कोर्पियो को भी टक्कर मारी। वहीं दूसरे पक्ष के किशोरीलाल ने ओजटू के अंकुर, चेतन कुमार व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दी कि उक्त लोगों ने राकेश को पिस्तौल लहराते हुए डराया तथा धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर, सूरजगढ़ मोड़ पर घटना के बाद तमाशबीनों की भीड़ लग गई।
पहले भी हो चुकी मारपीट
सूत्रों के अनुसार हिस्ट्रीशीटर अंकुर व राकेश के बीच लंबे समय से अनबन चल रही है। दोनों पक्षों में पहले भी आपसी मारपीट हो चुकी है। जिसके चलते दोनों पक्षों में लगातार रंजिश बढ़ती जा रही है। जिसके चलते दोनों पक्षों में गैंगवार होने की संभावना बढ़ रही है।
गाड़ी पर थी भाजपा नेता के नाम की पट्टी
जिस गाड़ी के टक्कर लगी है, उस पर क्षेत्र के एक भाजपा नेता के नाम की पट्टी लगी हुई थी, जिसे हमले के बाद हटा लिया गया।
घटना के बाद हडक़ंप, पुलिस पहुंची
सूरजगढ़ मोड़ पर हिस्ट्रीशीटर पर हमले की सूचना पर हडक़ंप मच गया। एसआई भरतलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। आस-पड़ौस के लोगों से मामले की जानकारी ली। एसआई मीणा ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
पांच-छह मिनट
चला घटनाक्रम
सूरजगढ़ मोड़ पर हिस्ट्रीशीटर अंकुर पर हुए हमले का घटनाक्रम पांच-छह मिनट चला। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के लोग कैंपर में सवार थे। उक्त लोगों ने जिस गाड़ी के पास अंकुर था, उसको कैंपर से चार-पांच बार टक्कर मारी। सूचना मिलने पर अंकुर के साथी पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोग फरार हो गए।
Published on:
03 Nov 2018 04:58 pm
