
sikar
पानी से घिरे छावनी के एक दर्जन गांव
गोड़ावास के लोगों ने दिया ज्ञापन
नीमकाथाना. बारिश के तीन दिन बाद भी छावनी इलाका पानी में है। मकानों में अभी भी दो से तीन फीट पानी भरा है। घरों का सामान खराब हो चुका है। लोगों के खाने पीने के सामान की परेशानी हो गई। लोग अपने परिचितों के यहां रहने को मजबूर हैं।
उधर प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है। पुलिस मोहल्ला में एक दर्जन से भी ज्यादा मकान पानी से घिरे हैं। सीलन से दीवारों में दरारें आने लग गई। कई मकान धराशायी भी हो गए। पीडि़त शिक्षक कैलाश सैनी के मकान में पानी भरने से दो बाइक एक मारुती सीज हो गई।
इसके अलावा ६ बोरी बाजरा,१२ गेहंू के बोरे,१ बोरी तिल, २ बोरी सरसो पानी में भीग गई। गोपाल शर्मा का मकान धराशायी हो गया। इधर गोड़ावास फाटक के पास बन रहे निर्माणाधीन अंडर पास में पानी भरने से ग्रामीणों ने एडवोकेट मनीराम जाखड़ के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे रेलवे लाइनों को भी खतरा है। ग्रामीणों की मांग है कि अंडर पास की जगह रेलवे फाटक ७५ पर आरओबी का निर्माण हो। इससे लोगों को भविष्य में बारिश में परेशान नहीं होना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालो में हरिसिंह गोड़ावास, डॉ जवाहरसिंह,सुभाष लोचिब, महावीर,मनिष कुमार, अनिक काजलाआदि मौजूद थे।
पीडि़त कैलाश सैनी ने बताया कि तीन दिन पहले हुई बारिश के दौरान तो मकानों तक पानी नहीं आया। जैसे ही बारिश रुकी तो सडक़ से ४ फीट ऊपर मकानों में १० मिनट के अंदर २ फीट पानी चढ़ गया। जन्म के बाद मकानों में इतना पानी आना पहली बार देखा है। सबसे ज्यादा नुकसान इन्ही के घर हुआ है।
बैठक २९ को
सीकर. रावणा राजपूत सभा समिति की ओर से साधारण सभा की बैठक २९ जुलाई शाम पांच बजे अतिथि भवन गोगामेड़ी पर आयोजित की जाएगी। समिति प्रवक्ता ने बताया कि सभा में निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति कर प्रबंध कार्यकारिणी अध्यक्ष सहित निर्वाचन कराया जाएगा।
Published on:
28 Jul 2018 06:40 pm
